उत्तराखंड में विधानसभा का चुनाव हुए अभी एक ही दिन हुआ है। इस बार दोनों पार्टियों के बीच मुकाबला काफी दिलचस्प लग रहा है। जहां भाजपा और कांग्रेस अपनी अपनी जीत का दावा कर रही हैं। वहीं कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का बयान आया कि या तो वह मुख्यमंत्री बनेंगे या फिर घर बैठ जायेंगे। उनके पास तीसरा कोई विकल्प ही नहीं बचा है।
हरीश रावत ने कहा कि वह अपनी सोच के अनुसार नया उत्तराखंड बनाना चाहते हैं, इसलिए वह किसी भी बात पर समझौता नहीं कर सकते हैं। एक इंटरव्यू में हरीश रावत ने कहा कि अब उनकी उम्र ऐसी नहीं रह गई है कि वह कुछ और सोचें। हरीश रावत या तो मुख्यमंत्री हो सकता है या घर बैठ जाएं। उन्होंने कहा कि वह इस समय अपनी सोच के लिए कोई समझौता नहीं कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इन विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी जीत रही है और उसे 45 से ज्यादा मिल रही है। उन्होंने इसका श्रेय कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को दिया। वहीं जब राज्य के प्रभारी देवेंद्र यादव से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कौन अगला मुख्यमंत्री होगा यह बाद की बात है। पहले रिजल्ट तो आ जाए, उसके बाद मुख्यमंत्री का फैसला होगा, उन्होंने कहा कि वह अभी इस विषय पर कुछ नहीं कहना चाहते।
हरीश रावत ने लालकुआं सीट पर जीत का भी दावा किया है साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बेटी भी हरिद्वार ग्रामीण से जीत रही है। उन्होंने कहा कि वह कई सालों से हरिद्वार के लोगों की सेवा कर रहे हैं, इसलिए हरिद्वार की जतना का अनुपमा को आशीर्वाद जरूर मिलेगा।
अब यह तो आने वाला समय ही बतायेगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा लेकिन हरीश रावत ने यह कहकर अपने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी तो पेश कर ही दी है।


Leave a comment