उत्तराखंड का मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह सवाल चुनाव नतीजे घोषित होने के 11 दिन बाद भी जस का तस बना हुआ। अटकलों का दौर जारी और हर पक्ष अपने नेता के मजबूत दावेदार होने की दलील दे रहा है। ऐसे में पार्टी हाईकमान ने क्या फैसला लिया है, इसका इंतजार सबको बेसब्री से हो रहा है।
क्या पार्टी हाईकमान अपनी ही बनाई गई नजीर के उलट दोबारा पुष्कर सिंह धामी पर दांव खेलेगा या उत्तराखंड में ‘हिमाचल’ की कहानी दोहराई जाएगी। दरअसल, साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने हिमाचल में प्रचंड जीत हासिल की थी लेकिन पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे प्रेम कुमार धूमल सुजानपुर सीट से राजेंद्र राणा से चुनाव हार गए।
हालांकि खुद अमित शाह ने धूमल को सीएम कैंडिडेट घोषित किया था। हालांकि उनका चेहरे प्रचार के बीच में घोषित किया गया था। लेकिन निश्चित तौर पर वह भाजपा का बड़ा चेहरा थे। ऐसे में प्रचंड जनादेश मिलने के बाद पार्टी उन्हें सीएम बना सकती थी। उन्हें 44 में से 26 विधायकों का सीधा समर्थन हासिल था। लेकिन पार्टी ने उनकी जगह दूसरे राजपूत चेहरे जयराम ठाकुर को राज्य की कमान सौंप दी।


Leave a comment