अभी कुछ पहले ही उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने वक्फ बोर्ड की अवैध संपतियों को हटाने की मांग की थी। उन्होंने यह भी कहा कि जो गैर पंजीकृत मदरसे हैं उनको यूपी की तरह ढहाया जाना चाहिए। जिससे कि लोगों को आगे कुछ सीख मिले और लोग सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने से बचेंगे।
पत्रकारों से बात करते हुए सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड में भी मदरसों का सर्वे कराना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने अपनी संपत्तियों की जांच की बात कही है, साथ ही बोर्ड मदरसों के सर्वे बात भी कह रहा है। इस पर सीएम ने कहा कि प्रदेश में भी मदरसों को लेकर तमाम तरह की बातें सामने आ रही हैं, इसलिए उत्तराखंड में भी मदरसों के सर्वे की आवश्यकता है।
गौरतलब रहे कि उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने पद संभालते ही उत्तराखंड में वक्फ बोर्ड की संपत्तियों से अवैध निर्माण ढहाने की बात कही थी। साथ ही उन्होंने प्रदेश के गैर पंजीकृत मदरसों की यूपी की तर्ज पर जांच की मांग की थी, जिसके बाद सीएम ने भी उनकी बात का समर्थन करते हुए प्रदेश में मदरसों का सर्वे जरूरी बताया है।
उत्तराखंड में वक्फ बोर्ड के अंतर्गत 103 मदरसे हैं जबकि मदरसा बोर्ड के अधीन 419 हैं और इन सभी मदरसों को सरकारी सहायता मिलती है।


Leave a comment