मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचकर जम्मू कश्मीर में चल रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र में शहीद हुए चमोली निवासी लांस नायक रुचिन सिंह रावत एवं सिरमौर, हिमाचल प्रदेश निवासी शहीद प्रमोद नेगी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले हमारे शहीदों को यह देश हमेशा याद रखेगा। राज्य सरकार हर पल सैनिक परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा हमारी सरकार शहीद रुचिन सिंह रावत के परिजनों की हर संभव मदद करेगी। उन्होंने परिजनों से इस दुःख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की।
चमोली गैरसैण के रहने वाले थे रूचिन सिंह रावत
शहीद रुचिन सिंह रावत, पुत्र राजेंद्र सिंह रावत, गैरसैंण ब्लॉक के कुनिगाड गांव का रहने वाले थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी व चार वर्षीय बेटा है। राजौरी सेक्टर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए वह शहीद हो गये थे। आज उनका पार्थिव शरीर देहरादून लाया गया। वह जम्मू कश्मीर के उधमपुर यूनिट में 9 पैरा में कमांडो थे।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक बृजभूषण गैरोला, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून दिलीप कुंवर एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


Leave a comment