भारत के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, करनाल के वैज्ञानिकों को भारत की प्रथम क्लोन ‘गंगा’ गाय की बछड़ी को पैदा करने के लिए उन्हें बधाई और प्रशंसा पत्र प्रेषित किया है। इस पत्र में उन्होंने कहा कि यह तकनीक गुणवत्तापूर्ण देशी पशुओं के उत्पादन को नए आयाम देगी और किसान इस उन्नत तकनीक से लाभान्वित होंगे।
एनडीआरआई करनाल के वैज्ञानिक जो इस टीम के हिस्सा थे उनके नाम इस प्रकार हैं डॉ एमएस चौहान, डॉ एसएस लठवाल, डॉ नरेश सेलोकर, डॉ मनोज सिंह, डॉ अजय असवाल, डॉ सुभाष चंद्र, डॉ रंजीत वर्मा और कार्तिकेय पटेल हैं। उन्होंने यह पत्र एनडीआरआई के निदेशक डॉ धीर सिंह को भेजा है।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुझे आशा है कि आपके कुशल नेतृत्व में पशु क्लोनिंग तकनीक से उच्च गुणवत्ता वाले पशुओं का गुणन एवं लुप्तप्राय नस्लों के संरक्षण करने में मदद मिलेगी। एनडीआरआई करनाल के पूर्व निदेशक डॉ मनमोहन सिंह चौहान के नेतृत्व में गिर, साहीवाल और रेड-सिंधी गायों की क्लोनिंग का कार्य शुरू हुआ था। इस परियोजना के तहत 16 मार्च 2023 को गिर नस्ल की एक क्लोन बछिया पैदा हुई, जिसे ‘गंगा’ नाम दिया गया है। जन्म के समय इस बछड़े का वजन 32 किलोग्राम था। क्लोनिंग के माध्यम से गाय-भैंस की उच्च उत्पादकता वाली नस्लों के विकास में डॉ मनमोहन सिंह चौहान ने महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है।


Leave a comment