Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ सीएम धामी के रोड शो में उमड़ा जन सैलाब, सीमांत जनपद चमोली को दी 400 करोड़ की सौगात
उत्तराखंड न्यूज़चमोलीताज़ा ख़बर

सीएम धामी के रोड शो में उमड़ा जन सैलाब, सीमांत जनपद चमोली को दी 400 करोड़ की सौगात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर में आयोजित ‘नंदा-गौरा’ महोत्सव में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल’’ के मंत्र को धरातल पर उतारने का काम कर रही है। मातृशक्ति के सहयोग से ही हमारा राष्ट्र उन्नति के नए शिखर को छू रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीमांत जनपद चमोली के लिये 400 करोड से अधिक़ की 604 विकास योजनाओं का लोकापर्ण एवं शिलान्यास किया। जिसमें 97 करोड लागत़ की 260 योजनाओं का लोकार्पण तथा 303 करोड़ की 344 योजनाओं का शिलानयास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन कर मातृशक्ति को भी सम्मानित किया।

रोड शो में उमड़ा जन सैलाब

मुख्यमंत्री ने गौचर हवाई पट्टी से मेला मैदान तक विशाल रोड शो में भी प्रतिभाग किया। इस दौरान सीमांत के लोगों तथा स्थानीय विद्यालय के छात्रों ने पारंपरिक परिधान एवं वाद्य यंत्रों के साथ पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने कलश यात्रा और विद्यालय के बच्चों ने नंदा देवी राजजात, छोलिया नृत्य, पांडव नृत्य, मंगलगान, लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने हजारों की संख्या में पहुंची मातृशक्ति का अभिवादन किया।

उन्होंने पहाड़ की पारंपरिक वस्तुओं को बढ़ावा देने के उदेश्य से रांछ पर कालीन बुनाई, पहाड़ की पारंपरिक चक्की (जांदरा) चलाया, पैडल चरखे पर ऊन कताई, रिंगाल की टोकरी बुनने और दुर्लभ भोजपत्र पर कैलीग्राफी भी की और महिला समूहों के साथ विभिन्न क्रियाकलाप कर स्थानीय संस्कृति को जाना और अपनी पुरानी यादों को साझा किया। मुख्यमंत्री ने उत्पादों की सराहना करते हुए यात्रा मार्ग पर भी आउटलेट खोलने एवं पारंपरिक तरीके से बन रहे कालीन, पंखी, दोखे, शौल, टोपी आदि का खूब प्रचार करने को कहा। मुख्यमंत्री ने लेन्टाना घास से बनाई गई उपयोगी सामग्री की भी सराहना की।

नंदा-गौरा महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा मां नन्दा चमोली जिले के साथ ही पूरे गढ़वाल और कुमांऊ मंडल में अधिष्ठात्री देवी के रूप में पूजनीय है। मां नंदा को हम ध्यांण मानते हैं और एक विवाहित बेटी के रूप में मां नंदा की कैलाश विदाई के लिए हर साल सिद्वपीठ कुरूड़ से लोकजात यात्रा और 12 वर्षो में राजजात यात्रा आयोजित की जाती है। जबकि गौरा देवी पर्यावरण संरक्षण को लेकर विश्व विख्यात चिपको आंदोलन की अगुवा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह भगवान बद्रीनाथ की पावन भूमि है। उन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल होना अपना सौभाग्य बताया।

सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मातृशक्ति के उत्थान को समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार लगातार महिलाओं के कल्याण हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता को विधानसभा में पारित कर जनता से किया वादा पूरा किया है। समान नागरिक संहिता किसी जाति, धर्म-समुदाय के लिए न होकर पूरे राज्यवासियों के हितों के लिए है।

उन्होंने कहा कि हमारी माताएं, बहनें आज कुटीर उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री के माणा गांव के भ्रमण के दौरान हमारी बहनों ने उनको भोजपत्र पर लिखा एक अभिनंदन पत्र भेंट किया था। प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के 103 वॉ संस्करण में भी भोजपत्र के उत्पादों की जमकर सराहना की।

महिलाओं को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा महोत्सव में कृषि क्षेत्र में उत्साहवर्धक कार्य करने हेतु मत्स्य पालन में मुल्लागांव ग्वाड की लीला देवी व ग्राम पिण्डवाली की सीता देवी, परम्परागत हस्तशिल्प में अपर बाजार चमोली की सुनीता देवी, ग्राम गमशाली की रूकमणी देवी, पर्यटन क्षेत्र में मंडल की पूजा देवी तथा महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण में योगदान और तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित ग्राम मठ की चन्द्रकला तिवारी, गोपेश्वर की मीना तिवारी और शशी देवली को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...