Saturday , 5 September 2026
Home उत्तर प्रदेश पीएम मोदी ने दीपावली पर देश को दिया जीएसटी रिफॉर्म का उपहार : सीएम योगी
उत्तर प्रदेशदेश-विदेशसरोकार

पीएम मोदी ने दीपावली पर देश को दिया जीएसटी रिफॉर्म का उपहार : सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जीएसटी काउंसिल द्वारा 3 सितंबर को घोषित और 22 सितंबर से लागू होने वाले इन सुधारों के अंतर्गत शिक्षण सामग्री, दूध, दही, घी, पनीर जैसी आवश्यक वस्तुओं पर कर में राहत दी गई है, जबकि नशे और अनावश्यक खर्च की वस्तुओं पर उच्च दर से कर लगाया गया है। इससे छात्रों, युवाओं, गरीबों और मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बाइक, कार, घर बनाने में प्रयुक्त स्टील व सीमेंट पर कर में रियायत देकर युवाओं के सपनों को पंख दिए गए हैं, जिससे निर्माण और रोजगार के क्षेत्र को भी बल मिलेगा।

जीएसटी रिफॉर्म से बढ़ेगी क्रय क्षमता, सशक्त होगा बाजार

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म से हर व्यक्ति की क्रय शक्ति में वृद्धि होगी, बाजार की ताकत बढ़ेगी और नए रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। यह सुधार गरीबों को राहत, उपभोक्ताओं को सुविधा और व्यापारियों के कल्याण को सुनिश्चित करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इन सुधारों के लाभ से परिचित हों और इसे जनमानस तक पहुंचाएं।

सेवा पखवाड़ा और विकसित भारत की संकल्पना से जुड़ा आयोजन

सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक भाजपा द्वारा ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित किया जा रहा है। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के धार से ‘स्वस्थ नारी, सशक्त समाज’ थीम के साथ किया।

इस पखवाड़ा के अंतर्गत पूरे प्रदेश में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई है।

नमो मैराथन: नशामुक्त भारत की दिशा में युवा शक्ति का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नमो मैराथन’ केवल दौड़ नहीं, बल्कि नशे के विरुद्ध सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति अगर सकारात्मक दिशा में अग्रसर होती है तो राष्ट्र गौरवान्वित होता है, जबकि नशे की ओर बढ़ने पर पतन निश्चित है। यह आयोजन अनुशासन, ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे 2 अक्टूबर, जो इस वर्ष विजयादशमी भी है, के दिन बुराई के प्रतीक – पाप, अत्याचार, भ्रष्टाचार, अन्याय और नशे – का पुतला दहन करें और नए भारत के निर्माण का संकल्प लें।

विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश अभियान को मिल रहा अपार समर्थन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसे युवाओं, किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों और बुद्धिजीवियों से व्यापक समर्थन मिल रहा है। आत्मनिर्भर समाज की नींव स्वस्थ और जागरूक नागरिकों पर आधारित होती है, और नमो मैराथन जैसे आयोजन समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, मेयर सुषमा खर्कवाल, विधायकगण योगेश शुक्ला, डॉ. नीरज बोरा, ओपी श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles