Saturday , 5 September 2026
Home उत्तर प्रदेश जीएसटी सुधार: पीएम मोदी की ओर से देशवासियों को दीपावली का उपहार – सीएम योगी
उत्तर प्रदेशताज़ा ख़बरदेश-विदेशसरोकार

जीएसटी सुधार: पीएम मोदी की ओर से देशवासियों को दीपावली का उपहार – सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती से आम उपभोक्ताओं की क्रयशक्ति में वृद्धि होगी। क्रयशक्ति बढ़ने से बाजार में मांग में इजाफा होगा, जिससे उत्पादन बढ़ेगा और अंततः नए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

सोमवार को जीएसटी रिफॉर्म पर जन जागरण पदयात्रा और व्यापारियों से संवाद के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, “शारदीय नवरात्र के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में जीएसटी की घटी दरें पूरे देश में लागू कर दी गई हैं। यह अब तक का सबसे बड़ा जीएसटी रिफॉर्म है।”

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि जीवनरक्षक दवाओं को कर-मुक्त कर दिया गया है। अन्य दवाओं पर कर की दर घटाकर 5% कर दी गई है। किसानों से संबंधित वस्तुओं पर जीएसटी 0 या 5% कर दी गई है। शिक्षण सामग्री पर कर की दर 12% से घटाकर शून्य कर दी गई है। कई अन्य वस्तुओं और सेवाओं पर कर दरें 5% या शून्य की गई हैं।

उन्होंने कहा कि “जीएसटी एक है, लेकिन इसके लाभ अनेक हैं। इससे न केवल उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी बल्कि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि त्योहारी सीजन में जब आम जनता की क्रयशक्ति बढ़ेगी, तो वह और अधिक उल्लास और उमंग से पर्व मना सकेगी। इससे बाजार में खपत और उत्पादन में वृद्धि होगी, जिसका सीधा सकारात्मक असर रोजगार सृजन पर पड़ेगा।

अंत में, मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये सुधार व्यापक जनहित में किए गए हैं और देश को आर्थिक मजबूती की ओर ले जाएंगे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles