उत्तराखंड के पहाड़ों से रोजगार की तलाश में होने वाला पलायन लंबे समय से चिंता का विषय रहा है। लेकिन अब कुछ युवा अपनी प्रतिभा, नवाचार और दृढ़ संकल्प से इस सोच को बदल रहे हैं। टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र के कली गांव निवासी रमेश भद्री ने विज्ञान को स्वरोजगार से जोड़ते हुए एक ऐसी मिसाल पेश की है, जो न केवल स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही है, बल्कि रिवर्स माइग्रेशन की नई संभावनाओं को भी मजबूत कर रही है। आज रमेश देश के जाने-माने शौकिया खगोलविद (एमेच्योर एस्ट्रोनॉमर), एस्ट्रोफोटोग्राफर और एस्ट्रो टूरिज्म उद्यमी के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
रमेश की इस अनोखी यात्रा की शुरुआत बचपन में हुई, जब विज्ञान पत्रिकाओं में छपी आकाशगंगाओं, ग्रहों और नीहारिकाओं की रंग-बिरंगी तस्वीरों ने उनके मन में ब्रह्मांड को जानने की गहरी जिज्ञासा पैदा की। सीमित संसाधनों और आधुनिक उपकरणों की कमी के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को कभी टूटने नहीं दिया। रात के अंधेरे में खुले आसमान के नीचे घंटों सितारों को निहारना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया और यहीं से उन्होंने खगोल विज्ञान की दुनिया में कदम बढ़ाने का संकल्प लिया।
किसी औपचारिक प्रशिक्षण के बिना रमेश ने पुस्तकों, इंटरनेट और स्व-अध्ययन के माध्यम से खगोल विज्ञान, दूरबीन संचालन, एस्ट्रोफोटोग्राफी और इमेज प्रोसेसिंग जैसी जटिल तकनीकों में महारत हासिल की। वर्षों की मेहनत, धैर्य और लगातार प्रयोगों के बाद आज वे लाखों-करोड़ों प्रकाशवर्ष दूर स्थित आकाशगंगाओं, नीहारिकाओं, तारागुच्छों और अन्य खगोलीय पिंडों की अद्भुत तस्वीरें अपने कैमरे में कैद कर रहे हैं। उनकी तस्वीरों और कार्यों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल चुकी है।
अपने इस जुनून को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित न रखते हुए रमेश ने प्रतापनगर में ‘टिहरी स्काईज ऑब्जर्वेटरी’ की स्थापना की। यह वेधशाला आज उत्तराखंड में तेजी से विकसित हो रहे एस्ट्रो टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। यहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटक आधुनिक दूरबीनों के माध्यम से शनि ग्रह के अद्भुत छल्ले (Saturn’s Rings), बृहस्पति के प्रसिद्ध गैलीलियन उपग्रह (Galilean Moons), रंग-बिरंगी नीहारिकाएं और दूरस्थ आकाशगंगाओं का दुर्लभ नजारा देखते हैं। रात के शांत वातावरण में आयोजित नाइट स्काई ऑब्जर्वेशन कार्यक्रम और विज्ञान कार्यशालाएं पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन रही हैं।
रमेश का यह प्रयास केवल विज्ञान के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रहा है। एस्ट्रो टूरिज्म के बढ़ते आकर्षण से क्षेत्र के होटल, होमस्टे, स्थानीय गाइड, वाहन संचालक और अन्य पर्यटन सेवाओं से जुड़े लोगों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। इससे पहाड़ों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिल रहा है और युवाओं के लिए अपने गांव में रहकर ही आजीविका कमाने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। यही कारण है कि रमेश का मॉडल रिवर्स माइग्रेशन की दिशा में एक सफल और प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने रमेश भद्री की उपलब्धि को टिहरी जिले के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि ऐसे नवाचार युवाओं को नए क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। वहीं मुख्य विकास अधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने पर्यटन विभाग को निर्देश दिए हैं कि जिले के होटल, होमस्टे और पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को एस्ट्रो टूरिज्म की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अनूठे अनुभव का लाभ उठा सकें।
रमेश भद्री की सफलता इस बात का सशक्त प्रमाण है कि यदि जुनून, नवाचार और दृढ़ इच्छाशक्ति का संगम हो तो सीमित संसाधन भी बड़ी उपलब्धियों की राह नहीं रोक सकते। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि उत्तराखंड के शांत पहाड़ केवल प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि विज्ञान, नवाचार और सतत पर्यटन के नए केंद्र के रूप में भी दुनिया के सामने अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उनकी कहानी उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार करने के साथ-साथ अपने गांव और समाज के विकास में भी योगदान देना चाहते हैं।








Leave a Comment
Your email address will not be published. Required fields are marked with *