Home पर्यटन मसूरी अल्ट्रा मैराथन की आधिकारिक टी-शर्ट लॉन्च, 29 नवंबर को दौड़ेंगे देश-विदेश के धावक
पर्यटन

मसूरी अल्ट्रा मैराथन की आधिकारिक टी-शर्ट लॉन्च, 29 नवंबर को दौड़ेंगे देश-विदेश के धावक

मसूरी होटल एसोसिएशन की ओर से आयोजित ‘मसूरी अल्ट्रा मैराथन’ के द्वितीय संस्करण की आधिकारिक टी-शर्ट का अनावरण गुरुवार को सचिव पर्यटन, उत्तराखंड शासन धीराज सिंह गर्ब्याल ने किया। इस अवसर पर अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रुहेला के साथ मसूरी होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी, प्रतिनिधि और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारक मौजूद रहे। मैराथन का आयोजन 29 नवंबर 2026 को मसूरी की पहाड़ियों में किया जाएगा।

 

यह मैराथन प्रख्यात अभिनेता एवं पद्मश्री से सम्मानित स्व. टॉम ऑल्टर के सपने को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने मसूरी को दौड़, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की थी। उनके जीवनकाल में यह सपना साकार नहीं हो सका। इसके बाद स्थानीय नागरिकों और आयोजकों ने उनके विचार को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

गत वर्ष 23 नवंबर 2025 को मैराथन का पहला संस्करण आयोजित किया गया था, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के साथ कई देशों से आए कुल 411 धावकों ने प्रतिभाग किया। 50 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन वर्ग में लद्दाख निवासी भारतीय सेना के जवान त्सेवांग ने 3 घंटे 40 मिनट में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया था। आयोजन से शीतकाल में अपेक्षाकृत कम पर्यटन वाले समय में मसूरी में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिला।

पहले संस्करण को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद इस वर्ष आयोजन का विस्तार किया गया है। द्वितीय संस्करण में अलग-अलग अनुभव और फिटनेस स्तर के धावकों के लिए पांच वर्ग रखे गए हैं। इनमें 50 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन, 42.2 किलोमीटर फुल मैराथन, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 1 किलोमीटर दौड़ शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार, मसूरी से बाहर के 300 से अधिक धावक अब तक पंजीकरण करा चुके हैं। स्थानीय निवासियों के लिए भी पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। इस बार 600 से 700 प्रतिभागियों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है।

करीब 6,000 फीट की ऊंचाई पर पहाड़ी मार्गों और हिमालय के मनोरम दृश्यों के बीच होने वाली यह दौड़ प्रतिभागियों को मैदानी क्षेत्रों की पारंपरिक दौड़ों से अलग अनुभव देगी। आयोजन फिट इंडिया की भावना के अनुरूप स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के साथ खेल एवं साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने का माध्यम भी बनेगा। बाहर से आने वाले धावकों के साथ उनके परिजनों और मित्रों के पहुंचने से होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और स्थानीय बाजारों को अतिरिक्त कारोबार मिलने की उम्मीद है।

सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि साहसिक एवं खेल पर्यटन से जुड़े आयोजन राज्य में वर्षभर पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मैराथन का दूसरा संस्करण भी सफल रहेगा और शीतकाल में मसूरी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने के साथ स्थानीय व्यवसायियों तथा होटल उद्योग को लाभ पहुंचाएगा।

आयोजन मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन, उत्तराखंड सरकार और पर्यटन विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। मसूरी होटल एसोसिएशन ने सहयोग के लिए पर्यटन विभाग और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद का आभार जताया।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

ऋषिकेश में जल्द लौटेगा गंगा राफ्टिंग का रोमांच, मरीन ड्राइव-निम बीच रूट की रेकी पूरी

मानसून के चलते बंद चल रही गंगा राफ्टिंग को दोबारा शुरू करने...

वेदनी कुंड में नंदा सप्तमी की जात, बांक पहुंची नंदा देवी लोकजात यात्रा

बधाण परगना की आराध्य देवी श्री राजराजेश्वरी नंदा देवी की लोकजात यात्रा...

उत्तराखंड के 100 प्रमुख ट्रेक रूट्स की होगी GPS/GIS मैपिंग, धामी ने अभियान दल को दिखाई हरी झंडी

उत्तराखंड में ट्रेकिंग और साहसिक पर्यटन को तकनीक से जोड़ने की दिशा...

हरित एवं सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘ग्रीन मान्यता कार्यक्रम’ संचालित

17 सितंबर से प्रारंभ हो रहे ‘सेवा सप्ताह’ के अवसर पर उत्तराखंड...