Home उत्तराखंड न्यूज़ चमोली बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर फिर भड़की आग, आतिशबाजी बनी वजह; वन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
चमोली

बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर फिर भड़की आग, आतिशबाजी बनी वजह; वन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। शनिवार देर शाम अचानक जंगल में आग भड़क उठी, जिससे पहाड़ियों पर आग की लपटें दिखाई देने लगीं। देखते ही देखते आग ने जंगल के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वन कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

 

जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ धाम के बामणी वन पंचायत क्षेत्र में शनिवार देर शाम आतिशबाजी के दौरान स्काई शॉट पटाखे के कारण जंगल में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने पहाड़ियों पर आग की लपटें देख इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही अलकनंदा वन प्रभाग की टीम सक्रिय हुई और आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैल रही थी, जिसके चलते वन कर्मियों को इसे नियंत्रित करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

अलकनंदा वन प्रभाग की डीएफओ प्रियंका भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर आग बुझाने के अभियान की निगरानी की और अधीनस्थ कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वन विभाग की टीम ने रात करीब 9:30 बजे से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लगातार प्रयासों और काफी जद्दोजहद के बाद जंगल में फैली आग पर नियंत्रण पाया जा सका। समय रहते आग पर काबू पा लेने से स्थिति को और गंभीर होने से रोकने में मदद मिली।

गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर आग लगने की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। एक ओर देश-विदेश से श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए धाम पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जंगलों में बार-बार आग लगने से वन संपदा और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ रहा है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि धाम और आसपास के वन क्षेत्रों में आग लगने की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने ऐसी घटनाओं की जांच कराने और यदि किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, डीएफओ प्रियंका ने आमजन से दीपावली के दौरान आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वन संपदा और पर्यावरण की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पटाखों और अन्य लापरवाही से जंगलों में आग लगने का खतरा रहता है। लोगों को ऐसी गतिविधियों से बचना चाहिए, जिनसे प्राकृतिक संपदा को नुकसान पहुंचे। वन विभाग ने लोगों से जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करने और किसी भी स्थान पर आग दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

गैरसैंण की पेयजल समस्या होगी दूर, रामगंगा नदी पर बनेगा 35 मीटर ऊंचा बांध

उत्तराखंड के गैरसैंण नगर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से...

गैरसैंण में पहली बार एक साल में दो विधानसभा सत्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में...

विधानसभा सत्र के लिए गैरसैंण पहुंची सरकार, सीएम धामी ने किए आदिबद्री मंदिर के दर्शन

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में 27 अक्टूबर से शुरू होने...

चतुर्थ केदार बाबा रुद्रनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 19 अक्टूबर को गोपेश्वर पहुंचेगी उत्सव डोली

उत्तराखंड के प्रसिद्ध चतुर्थ केदार बाबा रुद्रनाथ के कपाट शीतकाल के लिए...