मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में पर्वतारोहियों ने साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की ये उपलब्धियां उत्तराखंड समेत देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों और पर्वतारोहण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
उन्होंने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश और प्रदेश में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। संस्थान युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी विकसित कर रहा है।
अर्जेंटीना की 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ के लिए NIM और JIM&WS का संयुक्त अभियान कर्नल हेम चंद्र सिंह के नेतृत्व में संचालित हुआ। छह सदस्यीय अभियान दल ने 22 फरवरी 2026 को माउंट एकांकागुआ के शिखर पर सफल आरोहण किया। इस अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।
वहीं, NIM के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त 2026 को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफल आरोहण किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिली इस उपलब्धि को अभियान दल के लिए विशेष बताया गया।
इसके बाद इसी अभियान के तहत दल ने 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफल आरोहण किया। इस तरह दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण का रिकॉर्ड बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए व्यापक संभावनाएं उपलब्ध कराती हैं। पर्वतारोहियों की उपलब्धियां युवाओं को साहसिक खेलों से जोड़ने के साथ उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने में भी सहायक हैं।
कार्यक्रम में विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित संस्थान के अधिकारी और विभिन्न अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।


Leave a comment