Home एक्सक्लूसिव उत्तराखंड में कांग्रेस की न्याय यात्रा तेज, धामी सरकार पर भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा को लेकर निशाना
एक्सक्लूसिव

उत्तराखंड में कांग्रेस की न्याय यात्रा तेज, धामी सरकार पर भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा को लेकर निशाना

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विभिन्न राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस न्याय यात्रा निकालकर जनता के बीच पहुंच रही है। इस दौरान पार्टी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़े प्रकरणों को उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा है।

 

बदरीनाथ धाम से शुरू हुई कांग्रेस की न्याय यात्रा शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में रुद्रप्रयाग पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने धामी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विभिन्न मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को प्रमुखता से उठाया। पार्टी ने मामले में न्याय की मांग दोहराते हुए जांच को लेकर जनता के सवालों का जवाब देने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही चंदा चोरी के आरोपों और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़े प्रकरण को लेकर भी सरकार को घेरा। कांग्रेस का कहना है कि धार्मिक आस्था और प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बेहद जरूरी है।

खटीमा में भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

दूसरी ओर, कांग्रेस की न्याय यात्रा अल्मोड़ा स्थित गोल्ज्यू दरबार से शुरू होकर शुक्रवार को सितारगंज और नानकमत्ता होते हुए खटीमा पहुंची। यात्रा में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

खटीमा स्थित शहीद स्मारक पर कांग्रेस नेताओं ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, महिला अपराध और बेरोजगारी जैसे मुद्दे लगातार गंभीर होते जा रहे हैं।

अंकिता मामले की जांच की मांग दोहराई

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, वोट चोरी और महिला सुरक्षा के मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और प्रदेश में स्वच्छ शासन की स्थापना के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव और एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली का भी उल्लेख किया।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच हाईकोर्ट के किसी मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग दोहराई। उन्होंने प्रदेश सरकार पर भू-माफिया और शराब माफिया को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।

कांग्रेस का कहना है कि न्याय यात्रा के माध्यम से जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह अभियान प्रदेश में राजनीतिक माहौल को और गर्म कर सकता है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

रमेश पोखरियाल निशंक का बड़ा बयान, बोले- मैं साइडलाइन नहीं, मेन लाइन में ही हूं

उत्तराखंड की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश...

अंकिता भंडारी हत्याकांड: दिल्ली में सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले माता-पिता, निष्पक्ष जांच की मांग

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच की मांग को...

अंकिता भंडारी हत्याकांड: देहरादून में कांग्रेस का लोकभवन घेराव, हरक सिंह रावत समेत कई नेता हिरासत में

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी की भूमिका की...