4000 मीटर की ऊंचाई पर मिला टेंट और बैग
जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को SDRF उत्तराखंड पुलिस और NIM के जवानों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान को आगे बढ़ाया। सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशों में SDRF की एडवांस टीम दुर्गम रास्तों से होते हुए घटनास्थल की ओर सर्चिंग कर रही है। इसी दौरान टीम को केदार खड़क के पास लापता ट्रैकर्स का टेंट और अन्य सामान दिखाई दिया। इसके साथ ही सर्चिंग के दौरान एक बैग भी बरामद किया गया।
टेंट और बैग मिलने के बाद लापता ट्रैकर्स की तलाश को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं, लेकिन उनकी वास्तविक स्थिति और लोकेशन के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। रेस्क्यू टीमें आसपास के क्षेत्र में लगातार खोजबीन कर रही हैं।
लगातार बर्फबारी से सर्च ऑपरेशन प्रभावित
रेस्क्यू अभियान में सबसे बड़ी चुनौती खराब मौसम और अत्यधिक ऊंचाई बन रही है। घटनास्थल पर मौजूद SDRF टीम प्रभारी ने सैटेलाइट फोन के माध्यम से जानकारी दी कि क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसके चलते पहाड़ी रास्तों पर आवाजाही मुश्किल हो गई है। अत्यधिक ऊंचाई और प्रतिकूल मौसम के कारण जवानों को सर्च ऑपरेशन के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम की गंभीर स्थिति और टीम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही सुरक्षित कैंप स्थापित किया गया है। टीम के सदस्य फिलहाल वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। मौसम अनुकूल होने के बाद दोबारा सर्च अभियान शुरू किया जाएगा।
SDRF और NIM की टीमें संयुक्त रूप से चला रहीं अभियान
लापता ट्रैकर्स की तलाश के लिए SDRF और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के जवान आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीमें लगातार संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं। फिलहाल सभी की नजरें मौसम में सुधार और आगामी सर्च ऑपरेशन पर टिकी हैं। रेस्क्यू टीमों का प्रयास है कि जल्द से जल्द लापता ट्रैकर्स का पता लगाया जा सके।




Leave a comment