Wednesday , 11 November 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ पिथौरागढ़ दारमा घाटी में दिखा दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में शामिल दुर्लभ गोल्डक्रेस्ट, 3200 मीटर की ऊंचाई पर दर्ज हुई मौजूदगी
पिथौरागढ़

दारमा घाटी में दिखा दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में शामिल दुर्लभ गोल्डक्रेस्ट, 3200 मीटर की ऊंचाई पर दर्ज हुई मौजूदगी

उत्तराखंड की सीमांत दारमा घाटी एक बार फिर अपनी समृद्ध जैव विविधता को लेकर चर्चा में है। यहां नागलिंग क्षेत्र में दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में शामिल दुर्लभ गोल्डक्रेस्ट (Goldcrest) दिखाई दिया है। समुद्र तल से करीब 3200 मीटर की ऊंचाई पर इस नन्हें पक्षी की मौजूदगी दर्ज की गई है। इसके बाद से पक्षी प्रेमियों और वन्यजीव विशेषज्ञों में उत्साह है। विशेषज्ञ इस घटना को उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौजूद अनुकूल प्राकृतिक परिस्थितियों और समृद्ध जैव विविधता का महत्वपूर्ण संकेत मान रहे हैं।

 

विंग्स फाउंडेशन के निदेशक एवं पक्षी प्रेमी जगदीश भट्ट ने दारमा घाटी के नागलिंग क्षेत्र में इस दुर्लभ पक्षी को देखा और अपने कैमरे में इसकी तस्वीरें कैद कीं। उन्होंने बताया कि गोल्डक्रेस्ट दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में गिना जाता है। इसकी लंबाई लगभग 8 से 10 सेंटीमीटर होती है, जबकि इसका वजन महज 4.5 से 7 ग्राम के बीच रहता है। आकार में बेहद छोटा होने के बावजूद यह पक्षी काफी सक्रिय रहता है और पेड़ों की शाखाओं के बीच लगातार चहलकदमी करता दिखाई देता है।

सुनहरी कलगी है गोल्डक्रेस्ट की खास पहचान

गोल्डक्रेस्ट की सबसे बड़ी विशेषता इसके सिर पर मौजूद सुनहरे रंग की मुकुट जैसी कलगी है। इसी आकर्षक सुनहरी कलगी के कारण इसे गोल्डक्रेस्ट नाम दिया गया है। इसका छोटा आकार और आकर्षक रंग इसे अन्य पक्षियों से अलग पहचान देते हैं। यूरोप में यह पक्षी गोल्डक्रेस्ट के नाम से प्रसिद्ध है।

यह मुख्य रूप से शंकुधारी वनों में रहना पसंद करता है। इन जंगलों में मौजूद पेड़-पौधे इसे प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराते हैं। इसके भोजन में छोटे कीट और मकड़ियां शामिल हैं। यह पेड़ों की पत्तियों और शाखाओं के बीच छिपे छोटे कीटों को तलाशकर अपना भोजन जुटाता है।

शंकुधारी और जुनिपर के जंगल बने अनुकूल आवास

जगदीश भट्ट के अनुसार, दारमा घाटी में मौजूद शंकुधारी और जुनिपर के जंगल गोल्डक्रेस्ट जैसे पक्षियों के लिए अनुकूल प्राकृतिक वातावरण तैयार करते हैं। ऐसे दुर्लभ पक्षियों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में अभी भी प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र समृद्ध स्थिति में है। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाए जाने वाले दुर्लभ पक्षियों की पहचान, संरक्षण और वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण बेहद जरूरी है।

वहीं, पिथौरागढ़ के प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह ने भी दारमा घाटी में गोल्डक्रेस्ट दिखाई देने पर खुशी जताई। उन्होंने इसे उच्च हिमालयी क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता का महत्वपूर्ण संकेत बताया। साथ ही ऐसे दुर्लभ पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवासों का वैज्ञानिक अध्ययन एवं व्यवस्थित दस्तावेजीकरण किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

पर्यटन गतिविधियों के बीच संरक्षण की चुनौती

दारमा घाटी और आदि कैलाश क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, लेकिन प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, शंकुधारी वनों का घटता दायरा और अनियंत्रित पर्यटन गतिविधियां दुर्लभ पक्षियों के प्राकृतिक आवास के लिए चुनौती बन सकती हैं।

ऐसे में जरूरी है कि इन क्षेत्रों में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी प्राथमिकता दी जाए। गोल्डक्रेस्ट जैसे छोटे और दुर्लभ पक्षियों की मौजूदगी यह याद दिलाती है कि उत्तराखंड के हिमालयी जंगल केवल प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि अनमोल जैव विविधता के भी संरक्षक हैं। इनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

पिथौरागढ़ में 3.5 तीव्रता का भूकंप, झटके महसूस होते ही दहशत में आए लोग

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में शुक्रवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए...

आदि कैलाश परिक्रमा रन-2.0 में शामिल हुए CM धामी, अगले साल माणा पास से औली तक होगी 100 माइल्स अल्ट्रा रन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ जिले के गुंजी में...

पिथौरागढ़ में चार नई लघु जलविद्युत परियोजनाएं, 62 मेगावाट बिजली उत्पादन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में छोटी नदियों और जलधाराओं की ऊर्जा...