विंग्स फाउंडेशन के निदेशक एवं पक्षी प्रेमी जगदीश भट्ट ने दारमा घाटी के नागलिंग क्षेत्र में इस दुर्लभ पक्षी को देखा और अपने कैमरे में इसकी तस्वीरें कैद कीं। उन्होंने बताया कि गोल्डक्रेस्ट दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में गिना जाता है। इसकी लंबाई लगभग 8 से 10 सेंटीमीटर होती है, जबकि इसका वजन महज 4.5 से 7 ग्राम के बीच रहता है। आकार में बेहद छोटा होने के बावजूद यह पक्षी काफी सक्रिय रहता है और पेड़ों की शाखाओं के बीच लगातार चहलकदमी करता दिखाई देता है।
सुनहरी कलगी है गोल्डक्रेस्ट की खास पहचान
गोल्डक्रेस्ट की सबसे बड़ी विशेषता इसके सिर पर मौजूद सुनहरे रंग की मुकुट जैसी कलगी है। इसी आकर्षक सुनहरी कलगी के कारण इसे गोल्डक्रेस्ट नाम दिया गया है। इसका छोटा आकार और आकर्षक रंग इसे अन्य पक्षियों से अलग पहचान देते हैं। यूरोप में यह पक्षी गोल्डक्रेस्ट के नाम से प्रसिद्ध है।
यह मुख्य रूप से शंकुधारी वनों में रहना पसंद करता है। इन जंगलों में मौजूद पेड़-पौधे इसे प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराते हैं। इसके भोजन में छोटे कीट और मकड़ियां शामिल हैं। यह पेड़ों की पत्तियों और शाखाओं के बीच छिपे छोटे कीटों को तलाशकर अपना भोजन जुटाता है।
शंकुधारी और जुनिपर के जंगल बने अनुकूल आवास
जगदीश भट्ट के अनुसार, दारमा घाटी में मौजूद शंकुधारी और जुनिपर के जंगल गोल्डक्रेस्ट जैसे पक्षियों के लिए अनुकूल प्राकृतिक वातावरण तैयार करते हैं। ऐसे दुर्लभ पक्षियों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में अभी भी प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र समृद्ध स्थिति में है। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाए जाने वाले दुर्लभ पक्षियों की पहचान, संरक्षण और वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण बेहद जरूरी है।
वहीं, पिथौरागढ़ के प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह ने भी दारमा घाटी में गोल्डक्रेस्ट दिखाई देने पर खुशी जताई। उन्होंने इसे उच्च हिमालयी क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता का महत्वपूर्ण संकेत बताया। साथ ही ऐसे दुर्लभ पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवासों का वैज्ञानिक अध्ययन एवं व्यवस्थित दस्तावेजीकरण किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
पर्यटन गतिविधियों के बीच संरक्षण की चुनौती
दारमा घाटी और आदि कैलाश क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, लेकिन प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, शंकुधारी वनों का घटता दायरा और अनियंत्रित पर्यटन गतिविधियां दुर्लभ पक्षियों के प्राकृतिक आवास के लिए चुनौती बन सकती हैं।
ऐसे में जरूरी है कि इन क्षेत्रों में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी प्राथमिकता दी जाए। गोल्डक्रेस्ट जैसे छोटे और दुर्लभ पक्षियों की मौजूदगी यह याद दिलाती है कि उत्तराखंड के हिमालयी जंगल केवल प्राकृतिक सुंदरता ही नहीं, बल्कि अनमोल जैव विविधता के भी संरक्षक हैं। इनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।




Leave a comment