Home उत्तराखंड न्यूज़ पौड़ी गढ़वाल श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का भव्य शुभारंभ, सीएम धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं
पौड़ी गढ़वाल

श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का भव्य शुभारंभ, सीएम धामी ने की कई बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर शहरवासियों ने पुष्पवर्षा, ढोल-दमाऊं और जयकारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। खुली जीप में सवार मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर जुटे। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने भी उनका अभिनंदन किया।

 

मुख्यमंत्री ने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की जानकारी लेने के साथ सिलबट्टे पर नमक भी पीसा। इसके बाद कमलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने श्रीनगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल व्यापार और मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीनगर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित की जाएगी। साथ ही नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को भी स्वीकृति दी जाएगी। विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में हाईटेक घाटों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सीवर लाइन परियोजना अंतिम चरण में है। उन्होंने श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की घोषणा भी की। इससे पर्यटन और आपातकालीन सेवाओं को लाभ मिलेगा। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल श्रीनगर में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। शहर में आधुनिक बस स्टैंड, पार्किंग और पेयजल सुविधाओं के विस्तार पर भी काम हो रहा है। मंडी-चौरास-जाखणी पेयजल योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति के सशक्तीकरण की दिशा में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर को उत्तराखंड की सांस्कृतिक राजधानी बताते हुए विकास योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित डाक आवरण और ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ पुस्तक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

पौड़ी में लोकपर्व इगास की धूम, लोकगीतों और थड़्या-चौंफला नृत्य ने बांधा समां

पहाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति, आस्था और पारंपरिक विरासत से जुड़े लोकपर्व...

श्रीनगर में सीएम धामी ने शुरू की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, कांग्रेस पर साधा निशाना

उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज...

पौड़ी में ARTO की बड़ी कार्रवाई, ऐप से बुक की बाइक तो खुली पोल; दो निजी बाइकें सीज

उत्तराखंड के पौड़ी जिले में ऐप आधारित राइड सर्विस के जरिए निजी...

श्रीनगर के तरुली गांव में गुलदार का हमला, घास लेने जंगल गई 48 वर्षीय महिला की मौत

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और दर्दनाक...