किसी भी आपदा या हादसे में घायल व्यक्ति को अगर समय रहते उपचार मिल जाता है तो उसके बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। उत्तराखंड में भौगोलिक चुनौतियों के चलते कई बार जरूरतमंद को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाने में ज्यादा समय लग जाता है। समय पर इलाज न मिल पाने के कारण घायल व्यक्ति की जान भी चली जाती है। लेकिन अब उत्तराखंड में किसी आपदा या दुर्घटना में घायल हुए लोगों को समय पर इलाज मुहैया कराने के लिए एक बड़ी पहल हुई है।
एम्स ऋषिकेश में एयर एंबुलेंस लैंडिंग का सफल ट्रायल किया गया है। इसके बाद एम्स ऋषिकेश देश का एकमात्र ऐसा अस्पताल बन गया है, जहां सीधे एयर एंबुलेंस लैंड करने की सुविधा होगी। अब कहीं दूर एयर एंबुलेंस लैंड करने और सड़क मार्ग से मरीज को अस्पताल पहुंचाने की तुलना में कम समय लगेगा। खास बात यह है कि एम्स में एक साथ 5 एयर एंबुलेंस लैंड हो सकेंगी। यह सुविधा जल्द ही शुरू हो जाएगा
इस दौरान एम्स के निदेशक प्रोफेसर रविकांत ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में मेडिकल इमरजेंसी होने पर ऐसे लोगों को अविलंब यहां लाया जा सकेगा। इसके लिए एम्स पूरी व्यवस्था करेगा। समय पर उपचार मिलने से अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सकेगी। अभी तक आपदाओं या सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर घायलों को राज्य सरकार की ओर से एयर लिफ्ट कर एम्स में उपचार के लिए भर्ती कराया जाता है। घायलों को आईडीपीएल हेलीपैड, जौलीग्रांट समेत अन्य स्थानों पर हेलीकॉप्टर लैंड करा सड़क मार्ग से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया जाता था। इससे मरीजों को एम्स तक पहुंचाने और उपचार में देरी होती थी।
प्रो. रविकांत ने बताया कि यह मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। अब एम्स ऋषिकेश में एयर एंबुलेंस सेवा का मुख्यमंत्री जल्द ही विधिवत उद्घाटन करेंगे। सिविल एविएशन की गाइडलाइंस के अनुसार ही एम्स प्रशासन ने राष्ट्रीय विमान पत्तन प्राधिकरण के मानकों पर आधारित हेलीपैड तैयार किया है। कुछ दिन पहले डीजीसीए ने एनओसी दे दी। इसके बाद हेलीपैड पर पहली ट्रायल लैंडिंग की गई।
इसके साथ ही एम्स ऋषिकेश देश का पहला ऐसा सरकारी स्वास्थ्य संस्थान बन गया है जिसमें अपनी हेलीपैड की सुविधा उपलब्ध है। इससे सड़क मार्ग से एम्स पहुंचने वाले गम्भीर मरीजों के लाइव सेविंग टाइम में देरी नहीं होगी।
— Trivendra Singh Rawat (@tsrawatbjp) July 28, 2020
ऋषिकेश एम्स में एयर एंबुलेंस की सफल लैंडिंग पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह ने कहा, गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार पहुंचाने के लिए एयर एंबुलेंस सेवा का ट्रायल ऋषिकेश एम्स के हेलीपैड पर सफलतापूर्वक किया गया है। ऋषिकेश एम्स के साथ राज्य सरकार का यह प्रयास प्रदेश में गंभीर मरीजों को शीघ्र एम्स जैसे स्तरीय अस्पताल पहुंचाने व त्वरित उपचार उपलब्ध कराने में सहायक होगा। इसके साथ ही एम्स ऋषिकेश देश का पहला ऐसा सरकारी स्वास्थ्य संस्थान बन गया है जिसमें अपनी हेलीपैड की सुविधा उपलब्ध है। इससे सड़क मार्ग से एम्स पहुंचने वाले गंभीर मरीजों के लाइव सेविंग टाइम में देरी नहीं होगी।


Leave a comment