कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। जोत सिंह बिष्ट ने विधानसभा चुनाव 2022 में धनौल्टी से चुनाव लड़ा था। जोत सिंह बिष्ट ने विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के ही कुछ नेताओं पर भीतरघात का आरोप लगाया। उन्होंने बेहद दुखी मन से कहा कि अब मेरा कांग्रेस से कोई संबंध नही रह गया है।
उन्होंने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट डाली जिसमें कहा गया कि मा सोनिया गांधी, श्री राहुल गांधी, श्री हरीश रावत, श्री यशपाल आर्य जी, श्री करण महरा जी, श्री प्रीतम सिंह चैहान जी एवं उत्तराखंड कांग्रेस के सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सहयोगी साथियों के संज्ञानार्थ!
आप सबके स्नेह एवं सहयोग से मैंने अपने राजनीतिक जीवन के 40 वर्षों का सफर तय किया है। आज आप सभी साथियों को अत्यंत दुःखी मन से सूचित कर रहा हूं कि कांग्रेस पार्टी में लंबे समय से चल रहे अंतर्कलह, अनुशासन हीनता, निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी व एक तरफा फैसलों के चलते पार्टी का भविष्य अनिश्चितता की ओर जा रहा है।
नेतृत्व की पांत में बैठे लोग लगातार हार के बाद भी सबक लेने के बजाय व्यक्तिगत हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसमें मुझे अब दूर दूर तक सुधार की कोई गुंजाइश नहीं दिखाई देती है, इसलिए किसी पर किसी प्रकार का व्यक्तिगत आरोप न लगाकर तथा कोई व्यक्तिगत दुर्भावना रखे बिना मैं कांग्रेस पार्टी के सभी पदों के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहा हूं।
मेरी कार्यशैली की वजह से मुझे पसंद या नापसंद करने वाले आप सभी साथियों का आभार प्रकट करता हूं। यह फैसला लेते हुए मन बहुत आहत है। उन्होंने लिखा कि बातें तो बहुत हैं लेकिन अब ज्यादा लिखना सम्भव नहीं है।
आप सभी का हार्दिक धन्यवाद। बाबा केदार सबकी रक्षा करें।


Leave a comment