Wednesday , 16 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ चंपावत में भाजपा की बड़ी सेंध, नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 लोगों ने थामा कमल
उत्तराखंड न्यूज़चंपावतदेहरादूनसरोकार

चंपावत में भाजपा की बड़ी सेंध, नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 लोगों ने थामा कमल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्वाचन जिले चंपावत में भाजपा ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण लाल समेत 31 जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।

 

चंपावत में हुई इस बड़ी ज्वाइनिंग को भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है। पार्टी नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार और प्रदेश में भाजपा के पक्ष में बन रहे राजनीतिक माहौल का संकेत बताया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि एक ही क्षेत्र से बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भाजपा में शामिल होना जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि जनप्रतिनिधि उसी सरकार के साथ खड़ा होना चाहता है, जिसके कार्यकाल में उसके क्षेत्र में विकास की उम्मीद पूरी होती दिखाई दे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के पक्ष में बन रहा माहौल अब विभिन्न सर्वेक्षणों में भी प्रतिबिंबित होने लगा है। उनके अनुसार, लगातार हो रही ज्वाइनिंग से यह स्पष्ट है कि बड़ी संख्या में लोग भाजपा की नीतियों और सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर संगठन से जुड़ रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पिछले 12 से 14 वर्षों के दौरान प्रदेश के गांवों तक सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास तथा जनकल्याण के कार्यों को गति मिली है। भट्ट ने कहा कि चंपावत की जनता ने पुष्कर सिंह धामी जैसा नेतृत्व राज्य को दिया है और यह नेतृत्व आगे चलकर देश का नेतृत्व करने की क्षमता रखता है।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की लगातार तीसरी जीत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। भट्ट ने कहा कि संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता आगामी चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

पार्टी के अनुसार, चंपावत जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी की प्रेरणा से यह ज्वाइनिंग कार्यक्रम हुआ। भाजपा में शामिल होने वालों में नगर पंचायत पाटी के अध्यक्ष नारायण लाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संगठन गोविंद सिंह बोहरा, विभिन्न नगर निकायों के सभासद, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, पूर्व यूथ कांग्रेस पदाधिकारी और छात्र नेता शामिल हैं।

लोहाघाट क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य भाजपा में शामिल हुए। इससे क्षेत्र में पार्टी के संगठनात्मक आधार को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने नए सदस्यों को पार्टी की विचारधारा और सांगठनिक कार्यपद्धति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों की क्षमता और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें संगठन तथा चुनावी गतिविधियों में जिम्मेदारियां दी जाएंगी।

चंपावत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का निर्वाचन क्षेत्र होने के कारण प्रदेश की राजनीति में विशेष महत्व रखता है। ऐसे में नगर पंचायत अध्यक्ष समेत 31 लोगों का भाजपा में शामिल होना कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के लिए स्थानीय स्तर पर चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस ज्वाइनिंग ने चंपावत की राजनीतिक गतिविधियों को तेज कर दिया है। हालांकि इसका चुनावी असर आने वाले समय में मतदाताओं के रुख और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों से तय होगा।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

सीएम धामी का सख्त निर्देश: 15 अक्टूबर के बाद सड़कों पर उतरकर खुद करेंगे औचक निरीक्षण

उत्तराखंड में मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों...