चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड सरकार ने बड़ा अपडेट दिया है। एक जुलाई से बदरीनाथ धाम चमोली जिले के लिए, केदारनाथ रुद्रप्रयाग जिले के लिए और गंगोत्री व यमुनोत्री धाम उत्तरकाशी जिले के लोगों के लिए खुलेंगे। 11 जुलाई से पूरे उत्तराखंड के लोगों के लिए चारधाम यात्रा को खोल दिया जाएगा। इसके लिए आरटीपीसीआर या एंटीजन रैपिड टेस्ट जरूरी होगा। राज्य में प्रवेश ही नहीं, मैदान से पहाड़ पर जाने के लिए भी आरटी पीसीआर या एंटीजन रैपिड टेस्ट आवश्यक होगा।
सरकार ने अगले हफ्ते में कोविड कर्फ्यू में कुछ और ढील देने का फैसला लिया गया है। सरकार के प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने जानकारी दी है कि 22 जून से 29 जून तक कोवि़ड कर्फ्यू में ढील रहेगी। जनरल मर्चेंट, परचून आदि दुकानें शनिवार, रविवार को छोड़कर सप्ताह में पाच दिनों के लिए पहले की तरह खोली जा सकेंगी।
शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की अध्यक्षता में बैठक हुई और निर्णय लिया गया कि कोविड कर्फ्यू को 22-29 तारीख तक कई रियायतों के साथ जारी रखा जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब दुकानें हफ्ते में पांच दिन खुलेंगी और वीकेंड में शनिवार और रविवार को बंद रहेंगी। होटल और रेस्टोरेंट अब 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुल सकते हैं।


Leave a comment