मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज की बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि दीपावली का पर्व अशांति पर शांति, बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। दीपावली मां लक्ष्मी और देवी अन्नपूर्णा की आराधना तथा सामाजिक समरसता का पर्व भी है। यह पावन पर्व हम सबके जीवन में सुख समृद्धि लाए इसकी मैं कामना करता हूं।

मुख्यमंत्री ने गोवर्द्धन पूजा को समाज एवं राष्ट्र की आर्थिक-सांस्कृतिक संसाधनों के संरक्षण का प्रतीक बताते हुए कहा है कि यह पर्व भगवान श्री कृष्ण के महान चरित्र का स्मरण भी कराता है।
मुख्यमंत्री धामी ने भैयादूज के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों, विशेष रूप से महिलाओं को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहनों के प्रेम के साथ ही मातृ शक्ति के सम्मान, परिवार एवं समाज में उनके महत्व को भी प्रदर्शित करता है।
वहीं देर शाम सीएम धामी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित दीपावली पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
आई.ए.एस, आई.पी.एस एवं आई.एफ.एस अधिकारियों से मिले सीएम
दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी से आई.ए.एस, आई.पी.एस एवं आई.एफ.एस अधिकारियों ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधू, अपर मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी, श्रीमती मनीषा पंवार, आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी के साथ ही सभी प्रमुख सचिव, सचिव, अपर सचिव एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।




Leave a comment