मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिनको भी प्रधानमंत्री की इस योजना का लाभ मिला है उन सभी लाभार्थियों को उनके सपनों का घर मिलेगा, उनके सपनों का आशियाना मिलेगा, आज इन परियोजनाओं की नींव नहीं रखी जा रही है बल्कि उस स्वर्णिम काल की भी नींव रखी जा रही है जिसकी परिकल्पना बरसों से की जा रही थी। बरसों से एक सपना था कि सभी गरीबों को घर मिलना चाहिए, सबके सर के ऊपर छत होनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह सपना आज पूरा हो रहा है हम उसके साथ आगे बढ़ रहे हैं।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड बनाने के मार्ग पर अग्रसर हैं और सभी परियोजनाएं इस मार्ग पर मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि ईंट-पत्थर जोड़कर इमारत तो बन सकती है लेकिन उसे घर नहीं कह सकते, वह घर तब बनता है जब उसमें परिवार के हर सदस्य का सपना जुड़ा हो, अपना व परिवार के सदस्य एक लक्ष्य के लिए जी-जान जुड़े हों, तब एक इमारत घर बन जाती है।

उन्होंने कहा कि हमारे बीच आज अनेकों ऐसे परिवार है जिनके लिए अपना घर किसी सपने से कम नहीं है और वह बरसों की मेहनत के बाद भी अपने इस सपने को साकार नहीं कर पा रहे हैं। जब एक गरीब को घर मिलता है तो उसके जीवन में स्थिरता आती है, वह नई उम्मीद और आशाओं के साथ अपने जीवन में आगे बढ़ता है।
इसलिए गरीबों को पक्का घर देने का यह अभियान सिर्फ सरकारी योजना मात्र नहीं है, प्रधानमंत्री का यह अभियान एक सरकारी योजना मात्र नहीं है,प्रदेश के एक-एक वंचित को इस बात का विश्वास देने की भी प्रतिबद्धता है एवं संकल्प है कि सरकार उनके सशक्तिकरण, आगे बढ़ाने के लिए, समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को जिसके पास कोई सुविधा नहीं है, कोई साधन नहीं है, कोई सोच नहीं है, उसको भी आगे बढ़ाने का काम किसी ने किया है तो हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।
उन्होंने कहा कि आज जिन 9 परियोजना का शिलान्यास किया गया है जिनके जरिए 7776 मकान बनाए जाएंगे यह संख्या कोई छोटी संख्या नहीं है। इन 7776 परिवारों में समृद्धि के नए युग की शुरुआत होगी, एक नया दौर उनके लिए प्रारम्भ होगा, एक नया अवसर उनके पास आएगा। इतना ही नहीं इस योजना से हमारी महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक बहुत ही निर्णायक पहल शुरू हुई है। आज देश में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 3 करोड़ से भी अधिक मकान बनाए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्तमान सरकार और पूर्ववर्ती सरकारों ने किस प्रकार कार्य किया है, इसका तुलनात्मक विवरण भी हमें देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि गरीबों एवं जरूरतमंदों को जो सुविधाएं बहुत पहले ही मिल जानी चाहिए थी, वे सभी सुविधाएं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुहैया कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के केवल श्रम योगी ही नहीं भविष्य दृष्टा भी है जो भविष्य को भी देख रहे हैं कि कैसे एक सशक्त भारत बनेगा, कैसे एक श्रेष्ठ भारत बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे शहर तेजी से आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बन रहे हैं और इसी को ध्यान में रखते हुए हम निरंतर अपने शहर को कल के लिए तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने यह भी संकल्प लिया है कि अगले 5 वर्षों के अंदर हम उत्तराखंड के अंदर 5 नए शहर बनाने का भी काम करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक गतिविधियों को तेजी से बढ़ाने की दिशा में भी तेजी से काम चल रहा है।
इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट, शहरी विकास मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे।


Leave a comment