Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ दिल्ली में सीएम धामी की ताबड़तोड़ मुलाकातें, यहां पढ़िए किससे क्या हुई चर्चा
उत्तराखंड न्यूज़देश-विदेशदेहरादून

दिल्ली में सीएम धामी की ताबड़तोड़ मुलाकातें, यहां पढ़िए किससे क्या हुई चर्चा

बतौर सीएम दिल्ली के पहले दौरे पर गए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राष्ट्रपति, पीएम मोदी के अलावा कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। शनिवार को सीएम ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें जन्म दिवस की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ दीर्घायु की कामना की।

यहां पढ़िए उनके दौरे का अब तक का अपडेट–

हैलीपोर्ट के लिए मांगी फ्री में जमीन
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री, भारी उद्योग मंत्रालय, डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के अंतर्गत हरिद्वार से हेलीकॉप्टर के माध्यम से हवाई सेवाएं प्रदान किये जाने के लिए हैलीपोर्ट बनाये जाने के लिए भारत हैवी इलैक्ट्रिकल लिमिटेड की भूमि राज्य सरकार को निःशुल्क उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार  धार्मिक आस्था का केंद्र बिन्दु होने के चलते यहां वर्षभर तीर्थयात्रियों एवं देश-विदेश से सैलानियों का आवागमन होता रहता है। क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के अंतर्गत हरिद्वार से हैलीकॉप्टर के माध्यम से हवाई सेवाएं प्रदान किये जाने के लिए हैलीपोर्ट बनाए जाने के लिए भारत हैवी इलैक्ट्रिकल लिमिटेड की भूमि की आवश्यकता है।

कृषि मंत्री से 40 प्रतिशत अनुदान की अपील


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर को राज्य में किसानों की आय में वृद्धि के लिये राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से हिमालयी एवं पूर्वोत्तर राज्यों के लिए राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम के CSISAC (Componant-I) में अनुमन्य अनुदान को 20 प्रतिशत के स्थान पर 40 प्रतिशत करवाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे राज्य की सहकारी संस्थाएं ऋण धनराशि वहन करने में समर्थ हो सकेंगी। इससे सहकारी समितियों को व्यवसायिक इकाई के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री से कोविड-19 पर गहन चर्चा


मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मंडाविया से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने कोविड की सम्भावित तीसरी लहर को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र के सहयोग से राज्य में हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर में काफी सुधार किया गया है। प्रदेश में वर्तमान में कोविड पर काफी हद तक नियंत्रण कर लिया गया है। अब भी राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। सम्भावित तीसरी लहर को देखते हुए विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सारी तैयारी की गई है।

सीएम ने आगे कहा कि राज्य की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए कुमायूं मंडल में भी एक एम्स की स्थापना की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि राज्य सरकार इसके लिए भूमि उपलब्ध कराएगी। कुमायूं में एम्स की स्थापना से विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं से क्षेत्र की जनता लाभान्वित हो सकेगी।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात


मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को राज्य की शैक्षिक उपलब्धियों से अवगत कराते हुए बताया कि राज्य को शिक्षा से संबंधित सतत विकास लक्ष्य रिपोर्ट 2020-21 में चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ है तथा राज्य को फ्रंट रनर राज्यों में सम्मिलित किया गया है। राज्य सरकार द्वारा कुछ महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं को समग्र शिक्षा की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2021-22 के बजट में सम्मिलित किया गया है। जिसमें केन्द्र का महत्वपूर्ण सहयोग अपेक्षित है। इनमें विद्यालयों में वर्चुअल क्लासरूम की स्थापना, विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम की स्थापना, आकांक्षी जनपदों के बच्चों के लिए ई-टेबलेट, शिक्षकों की रियल टाइम उपस्थिति अनुश्रवण प्रणाली, छात्र-छात्राओं के लिए स्पोकन इंग्लिश कार्यक्रम, वर्चुअल रियलिटी लैब, डिजिटल साक्षरता, डिजिटल माइक्रोस्कोप और प्रारम्भिक स्तर पर विद्यालयों में विज्ञान एवं गणित के विकास के लिए कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। राज्य के सीमित संसाधनों को देखते हुए केंद्र से सहयोग का अनुरोध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यान्ह भोजना योजना के अंतर्गत कक्षा 1 से 8 तक के छात्र छात्राओं की प्रोटीन / आयरन / कैलोरी की आवश्यकता को पूर्ण करने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मोटा अनाज सब्सिडी के आधार पर उपलब्ध कराया जाना चाहिए ताकि छात्र छात्राओं के पोषण स्तर सुधार के साथ ही स्थानीय कास्तकारों को भी इसका लाभ मिल सके। इस संदर्भ में सब्सिडी को सम्मिलित करते हुए आवश्यक प्रस्ताव भारत सरकार के अनुमोदन के लिए प्रेषित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से राज्य में पूर्ण रूप से केंद्र पोषित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) खोले जाने के सम्बन्ध में स्वीकृति प्रदान करने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार उक्त संस्थान हेतु जनपद देहरादून में निःशुल्क भूमि की व्यवस्था कर ली गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा समय-समय पर विद्यालयी शिक्षा में गुणात्मक सुधार हेतु राज्य को उपलब्ध कराये गये भौतिक संसाधनों जिसमें निर्माण कार्य आदि सम्मिलित हैं के साथ ही डिजिटल लर्निंग हेतु 1100 विद्यालयों के लिए वर्चुअल कक्षायें एवं 920 विद्यालयों में स्मार्ट कक्षायें, व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु 200 विद्यालयों के लिए व्यावसायिक पाठ्यक्रम आदि में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। मुख्यमंत्री ने भारत सरकार द्वारा समय-समय पर दिये गये सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए राज्य की ओर से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली भी उपस्थित थे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा जी से शिष्टाचार भेंट की।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...