हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में ‘खेलो इंडिया खेलो‘ के अंतर्गत गुलमर्ग (कश्मीर) में आयोजित स्की, स्नो-शू रेस एवं स्नो बोर्ड प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली उत्तराखंड की टीम ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में विंटर गेम्स की बहुत सम्भावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए हरसम्भव प्रयास और मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रतिभावान है, और आज उत्तराखंड हर क्षेत्र में बेहतर कर रहा है। आपको बता दें कि खेलो इंडिया खेलो के अंतर्गत उत्तराखंड से स्की, स्नो-शू रेस एवं स्नो बोर्ड प्रतियोगिता में 16 सदस्यीय टीम ने प्रतिभाग किया था।
इस दौरान उत्तराखंड की टीम ने 03 स्वर्ण, 02 रजत एवं 05 कांस्य पदक मिलाकर कुल 10 पदक प्राप्त किए हैं। खेलो इंडिया खेलो में किसी भी राज्य ने प्रथम बार 10 मेडल प्राप्त किए हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी चमोली स्वाति एस. भदौरिया एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा नितिन भदौरिया, टीम प्रबन्धक विजेन्द्र रावत एवं कोच अजय भट्ट भी उपस्थित थे।


Leave a comment