बच्चे देश का भविष्य होते हैं और अगर बच्चों को अच्छी शिक्षा-दीक्षा मिल जाये तो वह आगे चलकर देश के उत्थान में बड़ा योगदान दे सकते हैं। लेकिन अगर बच्चे को अच्छी शिक्षा न मिले तो उसका भविष्य बर्बाद भी हो सकता है। इसीलिए हर मां बाप को चाहिए कि वह अपने बच्चे को अच्छी से अच्छी शिक्षा दे जिससे कि बच्चे का भविष्य उज्जवल हो।
पिछले दो सालों से बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया था इसका उनके मानसिक और शारीरिक रूप से अच्छा प्रभाव नहीं पड़ा। कोरोना के कारण बच्चों को आॅनलाइन पढ़ाई करनी पड़ी और इससे उनकी पढ़ाई अच्छी प्रकार से नहीं हो सकी जैसे कि स्कूल में की जाती थी। स्कूल जाने से बच्चों में पढ़ाई का अलग ही असर पड़ता है इन दो सालों के दौरान जिन परिवारों के बच्चों की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी उन बच्चों की पढ़ाई भी सही तरीके से नहीं हो होगी क्योंकि कई बच्चों को पढ़ाई करने के मोबाइल और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं हुई होगी।
इसलिए अब यूपी सरकार के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने आवहन किया है कि ‘स्कूल चलो अभियान’ से सभी परिवार के हर बच्चे को जोड़ना होगा। उन्होंने जनप्रतिनिधि और अधिकारियों से कहा कि सभी लोगों को एक एक विद्यालय को गोद लेना चाहिए और हर स्कूल को संसाधन युक्त बनाने का प्रयास करना चाहिए। यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इकौना के जयचंदपुर कटघरा संविलयन विद्यालय में ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ करने पर कही।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के सभी लोगों को मुफ्त वैक्सीन लगाने की व्यवस्था की गई और साथ ही राशन भी दिया गया। कोरोना काल में सबसे ज्यादा बच्चों की शिक्षा प्रभावित हुई है। हालांकि इससे निपटने के लिए आॅनलाइन शिक्षा देने की व्यवस्था की गई थी लेकिन आॅनलाइन और आॅफलाइन शिक्षा में काफी अंतर होता है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इसके लिए ‘स्कूल चलो अभियान’ के साथ हर परिवार के हर बच्चे को जोड़ना जरूरी है। बच्चों के विकास से ही समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिकारी व जनप्रतिनिधि गोद लेने वाले स्कूल में फर्नीचर, शौचालय, पुस्तकें, पेयजल, खेल का मैदान, सोलर सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाने में अपना योगदान कर सकते हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर इन स्कूल के बच्चों के लिए ऐसी व्यवस्था कर दी जाए तो इससे पुण्य का और कोई काम नहीं होगा।
इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को खेलकूद का सामान और पुस्तकें भेंट की। उन्होंने स्कूल के बच्चों को खाना भी खिलाया और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।


Leave a comment