Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ महिलाओं को हर क्षेत्र में सफल और समृद्ध बनाना कांग्रेस की प्राथमिकता : प्रियंका गांधी
उत्तराखंड न्यूज़जनादेश 2022

महिलाओं को हर क्षेत्र में सफल और समृद्ध बनाना कांग्रेस की प्राथमिकता : प्रियंका गांधी

कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज खटीमा, हल्द्वानी और श्रीनगर में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। सबसे पहले वह खटीमा पहुंची और उन्होंने यहां पर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी की नीतियां सिर्फ दो उद्योगपतियों के लिए चल रही हैं जो प्रधानमंत्री के दोस्त हैं। जब केंद्र सरकार का बजट आता है, तो गरीबों, किसानों, मध्यम वर्ग, छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए कुछ भी नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक नेता का सबसे बड़ा कर्तव्य क्या है? जनता की सेवा, उनका विकास करना। लेकिन भाजपा सिर्फ अपना और इन लोगों का विकास कर रही है।

उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक केवल अपने अपने विकास के बारे में सोच रहे हैं। कोई आप लोगों के बारे में नहीं सोच रहा है। यहां से पलायन सबसे ज्यादा है और यह तब होता है जब राज्य में नौकरियां पैदा नहीं हो रही हैं। उत्तराखंड राज्य में सब कुछ है, हिमालय, प्रकृति, पर्यटन के अवसर है, लेकिन यहां पर रोजगार नहीं। आज भी यहां के लोग नौकरी के लिए यहां से पलायन कर रहे हैं।

उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 10 मार्च को उत्तराखंड में जनता की सरकार का सूर्योदय होगा। उत्तराखंड में रोजगार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा देने वाली एवं महंगाई कम करने वाली कांग्रेस सरकार बनेगी।

उसके बाद प्रियंका गांधी हल्द्वानी पहुंची और यहां पर भी उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए बोला कि बीजेपी ने पांच साल में केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। राज्य सरकार की गलत नीतियों के कारण आज प्रदेश का बुरा हाल हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राज्य को बेरोजगारी की ओर धकेल दिया है। जब कांग्रेस की सरकार बनेगी तो वह यहां के युवाओं को उस बेरोजगारी के दलदल से बाहर निकालेगी। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में चार लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया है।

प्रियंका गांधी ने तीसरी रैली श्रीनगर में की। उन्होंने यहां पर लोगों को संबोधित करने से पहले देवभूमि के चारों धाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री का नाम लिया और उसके बाद बदरीनाथ-केदारनाथ के जयकारे लगाकर रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बहनों में बड़ी शक्ति होती है। हमारा यही प्रयास है कि यहां की महिलाएं सक्षम और सशक्त बने। प्रियंका गांधी ने कहा कि राज्य में तीन प्रमुख समस्यायें हैं सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है, दूसरी समस्या मंहगाई और तीसरी स्वास्थ्य सुविधाओं का न होना। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार केवल अमीरों के लिए काम कर रही है और मंहगाई का बोझ यहां की महिलाओं को उठाना पड़ता है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...