Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तराखंड में तेजी से फैल रहा कोरोना संक्रमण, एक दिन में 9 पॉजिटिव केस
उत्तराखंड न्यूज़ऊधम सिंह नगरदेहरादून

उत्तराखंड में तेजी से फैल रहा कोरोना संक्रमण, एक दिन में 9 पॉजिटिव केस

उत्तराखंड में कोरोना वायरस के संक्रमण ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को एक ही दिन में नौ केस पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। यह एक दिन में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। देहरादून में चार, ऊधमसिंह नगर में चार और नैनीताल जिले में एक कोरोना संक्रमित पाया गया है। बड़ी संख्या में प्रवासियों के लौटने के साथ ही बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकना चुनौती बन गया है।

प्रदेश में करोना संक्रमितों की संख्या 91 पहुंच गई है। हालांकि 91 में से 51 मरीज ठीक हो चुके हैं। इन नौ मामलों में से चार दून अस्पताल में भर्ती संक्रमितों के परिजन हैं। इन्हें भी संदिग्ध मानकर इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। ऊधमसिंह नगर में मुंबई और गुरुग्राम से घर लौटे दो युवकों में कोरोना संक्रमण पाया गया है। इनमें से एक को रुद्रपुर जिला अस्पताल और दूसरे को एलडी भट्ट चिकित्सालय काशीपुर में आइसोलेशन वॉर्ड में रखा गया है। कोरोना वॉर्ड के चिकित्सक दोनों युवकों की कॉन्टेक्ट हिस्ट्री का पता लगाया जा रहा है, जिससे संक्रमण फैलने से रोका जा सके। मुंबई से जसपुर लौटे दो व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज की लैब से इन चारों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी में जिस व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है वह 2 दिन पहले ही दिल्ली से वापस लौटा था।

शुक्रवार को भी कोरोना संक्रमण के चार मामले सामने आए थे। इनमें एक मरीज देहरादून की रिंग रोड स्थित आदर्श कॉलोनी, एक पौड़ी जिले के बीरोंखाल ब्लॉक और दो नैनीताल जिले से हैं। चारों ही कुछ दिन पहले दिल्ली और गुरुग्राम से लौटे हैं। दून निवासी युवक की मां पहले ही कोरोना पॉजिटिव आ चुकी हैं। एक सप्ताह के भीतर बाहरी राज्यों से उत्तराखंड लौटे 25 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है।

ग्रीन जोन तक पहुंचा संक्रमण

ग्रीन जोन में शामिल रहे उत्तरकाशी और अल्मोड़ा के बाद अब पौड़ी में भी 50 दिन बाद फिर कोरोना पॉजिटिव मिला है। यहां तीन दिन पहले हरियाणा के गुरुग्राम से कोटद्वार लौटा बीरोंखाल ब्लॉक निवासी 23 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक को बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...