Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ चमोली की महिला ने जिंदगी की सारी जमा पूंजी पीएम केयर फंड में दान दे दी
उत्तराखंड न्यूज़चमोली

चमोली की महिला ने जिंदगी की सारी जमा पूंजी पीएम केयर फंड में दान दे दी

कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में देश का हर नागरिक अपने-अपने तरीके से योगदान कर रहा है। उद्योगपति, फिल्मी हस्तियां, शिक्षक, व्यापारी ही नहीं पढ़ने वाले स्कूली बच्चे भी गुल्लक फोड़कर अपने पैसे दान कर रहे हैं। ऐसी ही एक कहानी चमोली की देवकी भंडारी की है, जो करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा बन चुकी है।

चमोली जिले के गौचर की रहने वाली देवकी भंडारी ने अपने जीवनभर की कमाई देश के लिए दान कर दी है। देवकी ने भारतीय स्टेट बैंक गौचर के माध्यम से 10 लाख रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष में भेजे हैं। उन्होंने पाई-पाई जोड़कर अपने बुढ़ापे के लिए ये पैसे बचाकर रखे थे लेकिन देश पर जब कोरोना वायरस के रूप में मुसीबत आई तो उन्होंने इस पैसे को देने का फैसला किया।

60 वर्षीय देवकी भंडारी की कोई संतान नहीं है। उनके पति रेशम विभाग में थे पर कुछ समय पहले उनकी मृत्यु हो गई। देवकी देवी ने इससे पहले एक गरीब मेधावी छात्र को पढ़ाने में भी मदद की थी।

देवकी देवी के पिता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। संघर्षों में जीवन जीने के बाद जो पाई-पाई उन्होंने बुढ़ापे के लिए जमा की थी, वो भी इस मुश्किल समय में उन्होंने खुशी-खुशी पीएम रिलीफ फंड में जमा करवा दी। देवकी कहती हैं कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित होकर उन्होंने ये निर्णय लिया। देवकी देवी के इन प्रयासों की हर तरफ चर्चा हो रही है। देवकी देवी जैसे लोग सभी के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं।

मानव संसाधन मंत्री ने भी की तारीफ

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने मातृ शक्ति देवकी भंडारी जी के फैसले की सराहना की है। उन्होंने तस्वीरों के साथ ट्वीट किया, ‘उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित गौचर से हमारी मातृ शक्ति आदरणीय देवकी भण्डारी जी ने यशस्वी PM श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अपने जीवन की सम्पूर्ण संचित जमा पूंजी- 10 लाख रुपये की धनराशि #PMCaresFunds में #coronavirus से लड़ने के लिये देश सेवा में समर्पित की है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...