आठ साल पहले जसपुर से ‘गुमशुदा’ हुई युवती की बरामदगी की मांग को लेकर हाईवे जाम करने के मामले में उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री, तीन विधायकों समेत 16 लोगों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने सभी आरोपियों को 23 अक्टूबर तक कोर्ट के समक्ष पेश करने को कहा है। सभी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट की ओर से एएसपी को जारी आदेश में कहा गया है कि आदेश में किसी भी तरह की ढिलाई को कोर्ट की अवमानना माना जाएगा।
यह मामला 8 साल पहले का है। वर्ष 2012 में जसपुर में एक युवक दूसरे समुदाय की युवती को लेकर फरार हो गया था। युवती की बरामदगी को लेकर तमाम संगठनों ने प्रदर्शन किया था। बुधवार को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय, काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा, जसपुर के विधायक आदेश चौहान, रुद्रपुर विधायक राज कुमार सिंह ठुकराल, पूर्व सांसद बलराज पासी समेत 16 के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए।
तत्कालीन भाजपा नेता आदेश चौहान इस समय जसपुर से कांग्रेस के विधायक हैं। उन्होंने रुद्रपुर के विधायक राजकुमार ठुकराल, विधायक अरविंद पांडे, विधायक हरभजन सिंह चीमा, पूर्व सांसद बलराज पासी समेत कई लोगों के साथ प्रदर्शन करते हुए जसपुर के सुभाष चौक के करीब हाईवे को कई घंटों के लिए जाम कर दिया था। तत्कालीन एएसपी जगतराम जोशी ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर बितर किया था। साथ ही पुलिस ने हाईवे जाम करने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।


Leave a comment