उत्तराखंड में कोरोना के मामले तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं। सूबे में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5445 पहुंच गई है। पहाड़ी जिलों को छोड़ दिया जाए तो देहरादून, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में तेजी से कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में यह सवाल भी है कि क्या इन चार जिलों में पिछले सप्ताह घोषित किया गया शनिवार-रविवार का संपूर्ण लॉकडाउन इस बार भी रहेगा या इसे हटा दिया जाएगा।
बहरहाल, राज्य सरकार इस संबंध में कोई भी फैसला शुक्रवार को इन जिलों के डीएम और कुमाऊं एवं गढ़वाल कश्मिनर की रिपोर्ट मिलने के बाद लेगी। हरिद्वार जिले में कोरोना के मामलों की रफ्तार बहुत अधिक होने के बाद लॉकडाउन जारी रखने का फैसला हो चुका है।
यह भी देखेंः उत्तराखंड में अब प्लाज्मा थैरेपी से कोरोना मरीजों का इलाज, 5 डोनर भी मिले
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को इन चार जिलों समेत पूरे प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले में जिलाधिकारियों से हालात की जानकारी ली। गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों के आयुक्तों को भी जिलाधिकारियों के साथ चर्चा कर आगे की रणनीति तय करने को कहा गया है।
मुख्य सचिव ने बताया कि शुक्रवार को जिलों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर शुक्रवार को लॉकडाउन आगे जारी रखने के बारे में फैसला लिया जाएगा। जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों से औद्योगिक संगठनों और कारोबारियों से भी इस मामले में चर्चा करने को कहा गया है। मुख्य सचिव के मुताबिक, राज्य सरकार सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद ही शुक्रवार को इस संबंध में फैसला लेगी।
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में कोरोना के अबतक 5445 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 3399 मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 1948 मामले एक्टिव हैं, जबकि 60 मरीजों की मौत हो गई है।


Leave a comment