Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ देहरादून पुष्कर धामी कैबिनेट में 11 मंत्री, धन सिंह रावत, रेखा आर्य और यतीश्वरानंद को मिला प्रमोशन
देहरादूनउत्तराखंड न्यूज़

पुष्कर धामी कैबिनेट में 11 मंत्री, धन सिंह रावत, रेखा आर्य और यतीश्वरानंद को मिला प्रमोशन

अप्रत्याशित घटनाक्रम के तहत उत्तराखंड में निजाम बदल गया है। संवैधानिक संकट के चलते तीरथ सिंह रावत ने इस्तीफा दिया और अगले ही दिन बीजेपी विधायक दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी को नेता चुन लिया गया। इस तरह बीजेपी ने एक बार फिर उत्तराखंड में सबको चौंका दिया। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि इस फैसले से बीजेपी ने वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को एक संदेश देने की भी कोशिश की है।

रविवार शाम को राजभवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने मंत्रियों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने सतपाल महाराज, डॉ. हरक सिंह रावत, बंशीधर भगत, यशपाल आर्य, बिशन सिंह चुफाल, सुबोध उनियाल, अरविंद पाडेय, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, श्रीमती रेखा आर्य और स्वामी यतीश्वरानंद को मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

पीएम मोदी, शाह, नड्डा और योगी समेत कई नेताओं ने पुष्कर धामी को सीएम बनने पर दींं शुभकामनाएं

इस तरह से देखें तो प्रदेश में मुख्यमंत्री भले नए हों पर मंत्रिमंडल में चेहरे सभी पुराने हैं। गौर करने वाली बात यह है कि त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत मंत्रिमंडल की तरह पुष्कर मंत्रिमंडल में भी सतपाल महाराज को नंबर 2 पर रखा गया है। इतना ही नहीं, मंत्रिमंडल में शामिल रेखा आर्य, धनसिंह रावत और यतीश्वरानंद का कद बढ़ गया है। पिछले मंत्रिमंडल में ये तीनों ही राज्य मंत्री थे।

सुबह ऐसी खबरें थीं कि कुछ वरिष्ठ नेता धामी को सीएम बनाए जाने से नाराज हैं। अटकलें यह भी थीं कि एक वरिष्ठ नेता के नेतृत्व में कई विधायक इस्तीफा भी दे सकते हैं। हालांकि ऐसा कुछ नहीं हुआ। सीएम पद की शपथ लेने से पहले पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत और वरिष्ठ नेता और मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी मंत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश को विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर बनाए रखने के लिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूल मंत्र पर राज्य सरकार काम करेगी। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है।

शपथ ग्रहण के बाद रात में ही कैबिनेट की पहली बैठक हुई। सरकार के प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बाद में बताया कि बैठक में युवाओं और बेरोजगारों युवाओं के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।

 

धामी बोले, सभी काबिल इसलिए किया प्रमोशन

सीएम धामी ने कहा कि सभी मंत्री काबिल हैं, पूरी क्षमता से काम कर पाएं इसलिए सभी का प्रमोशन किया गया है। निश्चित रूप से इसका परिणाम भी दिखाई देगा। उन्होंने आगे कहा कि वह प्रदेश के कोने-कोने से वाकिफ हैं। नौजवानों और युवाओं के बीच में काम करते रहे हैं इसलिए उनकी समस्याओं से अवगत हैं। हमारी सरकार जनता के द्वार तक जाएगी।

शपथ ग्रहण करने के बाद सीएम ने पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रदेश में कोरोना से सारी चीजें प्रभावित हुई हैं। चारधाम यात्रा, पर्यटन का व्यवसाय, छोटे दुकानदार जिनकी आजीविका की पूरी निर्भरता पर्यटन पर निर्भर रहती है, उनका जीवन इस समय बेहद मुश्किल भरा हो गया है। हमारा प्रयास होगा कि इसे रास्ते पर लाएं। हमारे जितने भी बैकलॉग हैं, हम भरेंगे। हमारे यहां जो पोस्ट खाली हैं, उन पोस्टों को भरेंगे और नौजवानों को रोजगार से जोड़ने का काम करेंगे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...