Sunday , 6 September 2026
Home स्पेशल जागर गायिका पद्मश्री बसंती देवी की अपील, दीपक जलाकर संकट के समय एकजुटता दिखाएं
स्पेशल

जागर गायिका पद्मश्री बसंती देवी की अपील, दीपक जलाकर संकट के समय एकजुटता दिखाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 अप्रैल को रात 9 बजे 9 मिनट के लिए घरों की लाइटें बंदकर दीप जलाने की अपील की है। उन्होंने कोरोना संक्रमण के खिलाफ घरों में रहकर लॉकडाउन का पालन कर रहे भारतीयों से अनुरोध किया है कि वे ऐसा करके एकजुटता का परिचय दें। ऐसे में उत्तराखंड की प्रख्यात जागर गायिका और पद्मश्री श्रीमती बसंती देवी बिष्ट एवं उनके पति रंजीत सिंह बिष्ट ने ‘हिल-मेल’ के माध्यम से प्रदेश की जनता से अपील की है कि वे कोरोना योद्धाओं के सम्मान में दीपक अवश्य जलाएं।

जागर गायिका बसंती देवी ने कहा कि दिनांक 5 अप्रैल, दिन रविवार रात 9 बजे हम घर की लाइटों को बंद कर देंगे। दीया, मोमबत्ती, टॉर्च आदि जलाकर हम अपने उन वीरों, वीरांगनाओं- हमारे डॉक्टर, कर्मचारी और उन सभी के सम्मान में दीये जलाएंगे, जो लोगों का जीवन बचाने के महान कार्य में जी-जान से लगे हैं।

पढ़ें- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने याद दिलाई ‘9 बजे 9 मिनट’ की वो बात

उन्होंने कहा कि हम सभी एक-एक दीया जलाकर 130 करोड़ भारतीयों को यह संदेश भी देंगे कि संकट की घड़ी में हम एक परिवार हैं, हम सभी एक हैं, हम अनुशासित नागरिक हैं। बसंती देवी ने कहा कि दीप जलाने का एक महत्व होता है, जीवन को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाना।

 

इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वीडियो संदेश के जरिए देश के लोगों से रविवार को इस अभियान में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हम सभी को अपनी बालकनी पर दीये जलाने हैं और इसके जरिए हम एकजुटता का संदेश देंगे। हालांकि उन्होंने यह भी समझाया कि यह सब करते हुए भी हमें सामाजिक दूरी का पालन करना है, जिससे कोरोना के खिलाफ लड़ाई जीती जा सके।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles