Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ ‘हर-घर तिरंगा’ ने दिया ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संदेश
उत्तराखंड न्यूज़देश-विदेशदेहरादून

‘हर-घर तिरंगा’ ने दिया ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संदेश

उत्तराखंड में भी केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री से लेकर देहरादून, हरिद्वार, चंपावत, रूद्रपुर समेत तमाम शहरों में तिरंगा रैली निकाली गई। स्कूलों में भी बच्चों द्वारा तिरंगा रैलियां निकाली गई। इसके अलावा देश की सेना और अर्द्धसैनिक बलों, केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों ने भी इस मुहिम को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दिया। केंद्र सरकार ने भी राष्ट्रीय ध्वज के जरिये देशवासियों को एक सूत्र में पिरोने का काम किया है। इस काम को करने का जिम्मेदारी संस्कृति मंत्रालय को दी गई थी। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि देश के राष्ट्रीय ध्वज के साथ पांच करोड़ सेल्फियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की वेबसाइट पर अपलोड़ किया गया और 15 अगस्त तक 5 करोड़ से अधिक सेल्फी अपलोड हो चुकी हैं। इस अभियान से करीब 10 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला, इसमें करीब 500 करोड़ का कारोबार हुआ और लगभग 30 करोड़ से ज्यादा झंडे बिके। पहले जब स्वतंत्रता दिवस का आयोजन होता था तो उस समय तिरंगे की बिक्री 150-200 करोड़ रूपये तक ही सीमित रहती थी लेकिन इस बार तिरंगे की बिक्री कई गुना अधिक हुई है। इससे एक तो देश के नागरिकां में देशभक्ति का जज्बा जगा है और दूसरा तिरंगे की बिक्री से कई लोगों की आमदनी भी बढ़ी है। आज जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो पिछले 75 साल में देश के लिए अपना बलिदान करने वालों को भी स्मरण करना जरूरी है जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों आहुति दे दी थी। आज उन सबको नमन करने का दिन है। इसके अलावा उन लोगों को भी याद करना जरूरी है जिन्होंने किसी न किसी प्रकार से देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दिया है।

राष्ट्रनिर्माण ने उत्तराखंड की अहम भूमिका – राज्यपाल

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने देश व प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दी एवं राजभवन कर्मचारियों से भेंट कर मिष्ठान वितरित किया। उन्होंने देश की आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि देश उनके योगदान को कभी भुला नहीं सकता। राज्यपाल ने प्रत्येक देशवासी से अपील करते हुए कहा कि इस अवसर पर प्रत्येक नागरिक को संकल्प लेना चाहिए कि देश की समृद्धि, सुरक्षा के लिए अपना योगदान देंगे। राज्यपाल ने कहा कि हम आज़ादी के 75 वर्ष पूरे कर चुके हैं लेकिन आने वाले 25 वर्ष प्रत्येक देशवासी के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्षो में प्रत्येक हिंदुस्तानी को पूरी निष्ठा से देश को विश्व गुरु बनाने की दिशा में प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर भूमि है और राष्ट्रनिर्माण ने हमारे प्रदेश की अहम भूमिका है। आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा इसलिए कि आज के दिन प्रत्येक नागरिक को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कही हुई बात से प्रेरणा लेनी चाहिए। प्रत्येक प्रदेशवासी को उत्तराखंड ने नवनिर्माण में सहयोग देना होगा। उत्तराखंड आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से बेहद संपन्न राज्य है हमें इसके नव निर्माण में योगदान देना होगा तब जाकर उत्तराखंड आने वाले दशक में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनेगा।

स्वतंत्रता सेनानियों को सीएम ने किया नमन

देवभूमि उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ धूम धाम से मनाई गई। सबसे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून के परेड मैदान में ध्वजारोहण किया और उन्होंने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों, सैन्य और अर्द्धसैन्य बलों के शहीद जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि आज जो हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, वह स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद जवानों के त्याग और बलिदान का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य निर्माण के सभी अमर शहीदों और आंदोलनकारियों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया।

डॉ अग्रवाल ने यात्रियों को बांटा तिरंगा

उत्तराखंड के वित्त, संसदीय कार्य, शहरी विकास व आवास, पुर्नगठन, जनगणना मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मनाये जा रहे आज़ादी के 75वें अमृत महोत्सव के अंतर्गत ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को आगे बढ़ाते हुए फ़्लाइट इंडिगो 6म्.852 में यात्रा कर रहे यात्रियों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किये और सभी से अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने का अनुरोध किया। बैंगलोर से जॉलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए निकले फ़्लाइट इंडिगो 6म्.852 में वित्त व संसदीय कार्य मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने यात्रियों को तिरंगा वितरित किया। डॉ अग्रवाल ने कहा कि आजादी की 75 वीं वर्षगांठ को पूरा देश अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी 13, 14 व 15 अगस्त को हर घर तिरंगा फहराने का आवाहन किया है। डॉ अग्रवाल ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि अपने घरों में तिरंगा फहराकर आजादी का अमृत महोत्सव मनाएं। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने फ्लाइट में यात्रियों, एयर होस्टेस, कप्तान आदि को तिरंगा वितरित किया। इस दौरान सभी यात्रियों में तिरंगा को लेकर उत्साह देखा गया। इस मौके पर भारत माता की जय सहित देशभक्ति के नारे भी लगाए गए। इस अवसर पर तिरंगा वितरण के दौरान फ्लाइट में डॉ अग्रवाल की धर्मपत्नी शशि प्रभा अग्रवाल, सुपुत्र पीयूष अग्रवाल भी मौजूद रहे।

बदरी-केदार में निकली तिरंगा रैली

हर घर तिरंगा अभियान के रंग में श्री केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम भी रंग गया। आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत चल रहे अभियान के तहत केदारनाथ और बदरीनाथ मंदिर परिसर में तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की श्रृंखला में बाबा केदारनाथ धाम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व मन्दिर समिति के संयुक्त तत्वाधान में दूसरे दिन भी तिरंगा रैली निकाली गई। मंदिर परिसर से शुरू हुई तिरंगा रैली आदि गुरु शंकराचार्य परिसर तक पहुंची। भारत माता की जयकारों और झंडा ऊंचा रहे हमारा के नारों ने दर्शन करने पहुचें श्रद्धालुओं में भी जोश जगा दिया। रैली मंदिर परिसर में ही आकर खत्म हुई जहां पर एनडीआरएफ के नेतृत्व में मानव श्रंखला की मदद से 75 की आकृति बनाकर आज़ादी का 75 वें साल का संदेश दिया। इसके अलावा बदरीनाथ मंदिर में आईटीबीपी के जवानों के साथ बड़ी संख्या में यहां आये श्रद्धालुओं ने तिरंगा फहराया।

देहरादून में निकली 7.5 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा

आजादी के अमृत उत्सव पर देश के कोने कोने में तिरंगा यात्रा और हर हर तिरंगा अभियान चलाया गया, लोगों ने इसमें भारी संख्या में बढ़चढकर हिस्सा लिया। इसमें देश की सभी राजनीतिक पार्टियों के अलावा सामाजिक संस्थाओं ने भाग लिया। इसी सिलसिले में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई जिसमें यहां के लोगों ने भारी संख्या में बढ़चढकर हिस्सा लिया और चारों तरफ देश भक्ति के गीत और भारत माता की जय के नारों से गूंज रहे थे। भारतीय जनता युवा मोर्चा महानगर की ओर से स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के तहत विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। 7.5 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा में युवाओं का भारी हुजूम निकला तो समूचा राजपुर रोड क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा। इस तिरंगा रैली में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री अजय सिंह सहित 7500 युवाओं ने हिस्सा लिया। देश के अनेक हिस्सों में देशभक्ति के गीत लग रहे हैं हमारे देश की सेना और अर्द्धसैनिक बल तिरंगा यात्रा में बढ़चढ़कर भाग ले रहे हैं और इसमें उन्हें आम जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

आईटीबीपी ने भारत-चीन सीमा पर तिरंगा फहराया

आईटीबीपी भारत-चीन सीमा पर ऊंचाई पर स्थित अपनी सीमा चौकियों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके अलावा 13 से 15 अगस्त, 2022 तक हर घर तिरंगा अभियान के दौरान नागरिकों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया। आईटीबीपी जवान ने हर घर तिरंगा अभियान को एक गीत समर्पित किया है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने देश की विभिन्न क्षेत्रों में सीमाओं, उसके केंद्रों और तैनाती के पार हर घर तिरंगा अभियान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया। आईटीबीपी ने 3,488 किलोमीटर भारत-चीन सीमा पर ऊंचाई पर स्थित अपनी सीमा चौकियों पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा रहा है और साथ ही सीमावर्ती आबादी के बीच अभियान को बढ़ावा दे रहा है। इस मौके पर फोर्स ने एक विशेष गीत भी जारी किया है।

आईटीबीपी के जवान अर्जुन खेरियाल ने एक विशेष ’जय हिंद’ गीत की रचना की है और इसे देश के उन बहादुर सैनिकों को समर्पित किया है जो समर्पण और उच्चतम स्तर की सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं। ’जय हिंद, जय हिंद’ शीर्षक गीत का उद्देश्य 13 से 15 अगस्त, 2022 तक हर घर तिरंगा अभियान के दौरान नागरिकों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना और आग्रह करना है। आईटीबीपी के जवानों को उत्तराखंड समेत कई ऊंचाई वाली सीमाओं पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ देखा गया। आईटीबीपी ने अभियान को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की हैं। इसने पहाड़ों में कई अभियान शुरू किए हैं। एक पखवाड़े से यह मैराथन और वॉकथॉन का आयोजन करता रहा है और नागरिकों को देश भर में 6 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज भी वितरित किए। लगभग 90,000 जवानों वाले बल आईटीबीपी ने हर घर तिरंगा हेतु कई जन जागरूकता अभियान भी जारी रखा।

दयारा बुग्याल में पहली बार फहराया गया तिरंगा

उत्तराखंड के चीन सीमा से लगे उत्तरकाशी जिले के दयारा बुग्याल में जो कि समुद्रतल से 11 हजार फीट की ऊंचाई स्थित है वहां पर 75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडा फहराया गया। भारत के स्वतंत्र होने के बाद यह पहली बार है जब यहां पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। दयारा पर्यटन उत्सव समिति के साथ बुग्याल क्षेत्र में प्रवास को आए रैथल गांव के ग्रामीण व वन गुर्जर मिलकर इस उत्सव को मना रहे हैं। दयारा बुग्याल क्षेत्र उच्च हिमालय में 28 वर्ग किमी क्षेत्र में फैले घास के इस मखमली मैदान में हर वर्ष ग्रीष्मकाल और वर्षाकाल (अप्रैल से सितंबर तक) में रैथल गांव के ग्रामीण व वन गुर्जर अपने मवेशियों के साथ प्रवास को आते हैं। ये परिवार यहां पत्थर, लकड़ी और घास से बने घरों में रहते हैं, जिन्हें स्थानीय भाषा में छानी कहा जाता है।

दयारा पर्यटन उत्सव समिति को इन ग्रामीणों के साथ दयारा बुग्याल में आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए प्रेरित किया। इसको लेकर दयारा पर्यटन उत्साह समिति और ग्रामीण बेहद उत्साहित हैं। उत्तरकाशी के मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि दयारा बुग्याल के निकट छानियों में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए ग्रामीणों और दयारा पर्यटन उत्सव समिति को प्रशासन से जो भी सहयोग मांगा, वह दिया जाएगा। दयारा पर्यटन उत्सव समिति के अध्यक्ष, मनोज राणा ने बताया कि इस बार आजादी के अमृत महोत्सव के तहत दयारा बुग्याल में ध्वजारोहण किया गया। आज से पहले कभी दयारा बुग्याल में ध्वजारोहण नहीं हो पाया। यह कार्यक्रम छानियों के निकट रखा गया। इस कार्यक्रम में छानियों में रहने वाले ग्रामीणों के साथ वन गुर्जर और वन विभाग के कर्मचारी भी शामिल हुए।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...