साल 2019 में सबसे ज्यादा चर्चा में रहे उत्तराखंडियों को लेकर हिल मेल ने एक सर्वेक्षण किया है और पहाड़ के टॉप 50 बेटे-बेटियों की सूची तैयार की है। पहाड़ के सपूतों के कारनामों के लिहाज से हिल मेल का यह अंक एक ऐसा संकलन है जिससे उत्तराखंड का हर व्यक्ति प्रेरणा ले सकता है। आज राजनीति, नीति, रक्षा, सुरक्षा, गीत-संगीत, कला व पर्यावरण, साहित्य, सेवा समेत हर क्षेत्र में पहाड़ के सपूत सफलता का नया शिखर छू रहे हैं।
हिल मेल का दिसंबर 2019 का यह विशेषांक हर क्षेत्र में अपना लोहा मनवाने वाले पहाड़ के सपूतों को समर्पित है। सफलता और बुलंदियों पर पहुंचे उत्तराखंडियों की सूची वैसे तो बहुत लंबी है पर हमने इस विशेषांक में राज्य के उन 50 लोगों को जगह दी है, जो साल में चर्चा में रहे। उन्हें गूगल और विभिन्न वेबसाइटों पर सबसे ज्यादा सर्च किया गया। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर हिल-मेल द्वारा बनाई गई विशेषज्ञों की एक समिति ने शीर्ष 50 उत्तराखंडियों का चयन किया है।
विशेषांक में जगह बनाने वाली हस्तियां
देश की राजनीति के फलक पर तेजी से अपनी छाप छोड़ने वाले यूपी के मुख्यमंत्री और पौड़ी के बेटे योगी आदित्यनाथ हों या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नाक-कान’ कहे जाने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल। हाल ही में भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ बनाए गए जनरल बिपिन रावत हों या उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत।
नौकरशाह के रूप में ईमानदारी की मिसाल कायम करने वाले भास्कर खुल्बे हों या एयर इंडिया के सीएमडी अश्विनी लोहानी, या फिर तटरक्षक बल की जिम्मेदारी पूरी करने के बाद अपनी जड़ों की ओर लौटने वाले राजेंद्र सिंह। देश सेवा और समाजसेवा के प्रतीक कर्नल अजय कोठियाल हों या सेंसरबोर्ड के अध्यक्ष और प्रख्यात गीतकार प्रसून जोशी।
उत्तराखंड में परोपकार का पर्याय बने हंस फाउंडेशन की संस्थापक एवं संरक्षक माताश्री मंगला हों, अंडमान निकोबार के उपराज्यपाल एडमिरल (रिटा.) डीके जोशी हों या जागर का जागृत स्वर बंसती देवी बिष्ट हों या प्रीतम भरतवाण। गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी हों या हीरा सिंह राणा। नए दौर की आवाज जुबिन नौटियाल हों या मंझे हुए अभिनेता दीपक डोबरियाल। कोरियोग्राफर राघव जुयाल हों, क्रिकेट के मैदान में चमक रहे पहाड़ के बेटे ऋषभ पंत इन सभी को विशेषांक में जगह मिली है।
पहले पर योगी, 50वें पायदान पर यूट्यूब स्टार
इसके अलावा भी कई ऐसे लोगों को विशेषांक में जगह मिली है, जिन्हें आप जानना चाहेंगे। लिस्ट में उत्तराखंड के लाल और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार दूसरे और राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को तीसरे पायदान पर जगह मिली है। देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत चौथे स्थान पर, समाजसेवी और यूथ फाउंडेशन के संस्थापक रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल 11वें स्थान पर हैं। 30वें नंबर पर शौर्य डोभाल, 31वें पर क्रिकेटर ऋषभ पंत, 32वें पायदान पर फिल्म अभिनेता दीपक डोबरियाल का नाम है। पहाड़ी गीतों का फ्यूजन पेश करने वाली गायक और यूट्यूब स्टार प्रिंयका मेहर भी 50वें पायदान पर जगह बनाने में कामयाब रही हैं।




Leave a comment