उत्तराखंड में बढ़ी तपिश की मार: पहाड़ से मैदान तक झुलसा जनजीवन, हीट वेव का अलर्ट

उत्तराखंड में बढ़ी तपिश की मार: पहाड़ से मैदान तक झुलसा जनजीवन, हीट वेव का अलर्ट

उत्तराखंड में गर्मी ने अब अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेशभर में तेज धूप और तपती हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। रविवार को जहां मैदानी क्षेत्रों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, वहीं पहाड़ी इलाकों में भी लोगों को असामान्य गर्मी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक है। यह इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल महीने में यह दूसरा सबसे अधिक तापमान है, जबकि वर्ष 2009 में यहां 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था।

मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर और भी ज्यादा देखने को मिला। रुड़की और हरिद्वार में लगातार दूसरे दिन तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छा गया और बाजारों में भी लोगों की आवाजाही कम हो गई। पंतनगर में भी तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है।

पहाड़ी क्षेत्रों में भी इस बार गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। मुक्तेश्वर में तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। नई टिहरी और मसूरी में भी तापमान इसी के आसपास रहा, जबकि पिथौरागढ़ में पारा 31.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

गर्मी से राहत पाने के लिए देशभर से पर्यटक ऋषिकेश का रुख कर रहे हैं। यहां राफ्टिंग और अन्य साहसिक खेलों का आनंद लेने वालों की संख्या बढ़ रही है। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु भी इन गतिविधियों में रुचि दिखा रहे हैं।

इस बीच, देहरादून में बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने हीट वेव के अलर्ट के मद्देनजर 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। साथ ही स्कूलों और अस्पतालों को आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। हालांकि, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

सिर्फ उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत में गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। राजस्थान के बाड़मेर में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि हरियाणा के नारनौल और पंजाब के बठिंडा में भी भीषण गर्मी दर्ज की गई।

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की जरूरत है।

Hill Mail
ADMINISTRATOR
PROFILE

विज्ञापन

[fvplayer id=”10″]

Latest Posts

Follow Us

Previous Next
Close
Test Caption
Test Description goes like this