करीब 15 साल के लंबे इंतजार के बाद प्रतापनगर के लोगों के लिए जल्द ही वह शुभ घड़ी आने वाली है। टिहरी को प्रतापनगर से सीधे जोड़ने वाला 440 मीटर लंबा डोबराचांठी पुल बनकर तैयार हो गया है। यह भारत का सबसे लंबा मोटरेबल सिंगल लेन झूला पुल है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के अनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पुल का उद्धाटन कर सकते हैं।
दरअसल, त्रिवेंद्र सरकार ने प्रतापनगर के लोगों की समस्या को देखते हुए डोबरा-चांठी पुल को अपनी प्राथमिकता में रखा था। इसके लिए एकमुश्त बजट जारी किया गया था, जिसका परिणाम अब दिख रहा है। टिहरी झील पर डोबरा चांठी पुल से 3 लाख से ज्यादा आबादी को जिला मुख्यालय तक आने के लिए 100 किमी की दूरी अब तय नहीं करनी पड़ेगी।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन बाद ही पुल को जनता के इस्तेमाल के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। हैरानी की बात है कि इस पुल का निर्माण 2005 में शुरू हुआ था लेकिन बनने में करीब 15 साल लग गए।
पुल का महत्व इस बात से ही लगा लीजिए कि प्रतापनगर से टिहरी पहुंचने में अभी 5 से 6 घंटे का समय लगता है जो अब डेढ़ से 2 घंटे में संभव हो जाएगा। पुल की कुल लंबाई 725 मीटर हैं। सस्पेंशन ब्रिज 440 मीटर लंबा है और चौड़ाई 7 मीटर है। फुटपाथ की चौड़ाई 0.75 मीटर है। मोटर मार्ग की चौड़ाई 5 मीटर है।
इस पुल के बनने से स्थानीय लोग इतने खुश हैं कि सोशल मीडिया पर तस्वीरें डालते हुए सरकार को धन्यवाद दे रहे हैं।




Leave a comment