वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राजेंद्र पुनेठा की पहली पुण्यतिथि पर शनिवार को पुलिस सुधारों पर एक वेबिनार का आयोजन किया गया है। वरिष्ठ पत्रकार अनुराग पुनेठा ने अपने पिता को समर्पित राजेंद्र पुनेठा न्यास की ओर से यह पहल की है। शाम 4 बजे इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर देश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सुन सकते हैं। अनुराग पुनेठा ने सुबह अपने पिता को याद करते हुए फेसबुक पर भावुक पोस्ट लिखी और वेबिनार के बारे में लोगों को जानकारी दी।
29 मई का दिन था और पिताजी उठे ही नहीं…
अनुराग पुनेठा ने लिखा है, ‘एक साल हो गया है पापा को गए हुए। 29 मई 2020 की सुबह वह उठे ही नहीं, सुबह-सुबह छोटे भाई का फोन आया कि भइया जल्दी आओ पापा रिस्पांस नहीं कर रहे हैं, जब तक उनको अस्पताल लेकर गए, तब तक सब कुछ खत्म था, हम अपनी तसल्ली के लिए उनको बड़े अस्पताल भी ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने वही कहा कि कुछ है ही नहीं। दिल का दौरा था, बहुत देर तक समझ ही नहीं आया कि हुआ क्या है, पापा बड़ी शांति से चले गए, ना सेवा कराई, ना कुछ ज्यादा तकलीफ।’

जानेमाने टीवी पत्रकार पुनेठा ने पिता को याद करते हुए लिखा कि कोरोना काल था, लोग डरे हुए थे, फिर भी उम्मीद से बहुत ज्यादा लोग आए, यह पापा का व्यवहार ही था वरना कौन आता और फिर जैसा होता है कुछ ही घंटों में सब कुछ खत्म…
कोरोना ने किसी रस्म को होने नहीं दिया…
पिछले एक साल में कोरोना ने किसी भी रस्म को ठीक तरीके से होने ही नहीं दिया है। मेरे पिता पुलिस अधिकारी थे, उनका पूरा जोर पुलिस सुधारों की बात और ख़ास कर जांच की गुणवत्ता पर रहा, कैसे किसी जांच की सही तफ्तीश और चार्जशीट लिखी जाए ताकि अदालत में मामला गिरे नहीं, पुलिस की छवि ठीक रहे। लिहाजा उनके नाम से एक संस्था बनाई है, जिसमें पुलिस सुधार पर कुछ काम करने का विचार है, शायद इस तरह से उनको श्रद्धांजलि हो पाएगी, उनको याद करने के साथ-साथ यदि पुलिस विभाग की बेहतरी के लिए अपने से जो बन पडे़ वो करेगे, राह मुश्किल है, लेकिन कुछ दोस्तों ने भरपूर सहयोग दिया।
ये पुलिस अधिकारी जुड़ेंगे लाइव
उन्होंने बताया कि आज पहली पुण्यतिथि पर पुलिस सुधारों पर एक वेबिनार का आयोजन कर रहा हूं। आप सब के सहयोग की जरूरत है, पुलिस विभाग के कुछ बड़े नाम शामिल होने के लिये तैयार हो गए। मुंबई के पूर्व कमिश्नर और पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह, पुलिस सुधारों पर देश का चर्चित नाम और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी श्री प्रकाश सिंह, उत्तर प्रदेश पुलिस के ही पूर्व डीजीपी श्री विक्रम सिंह, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और उत्तर प्रदेश के एडीजी श्री राजीव कृष्ण, पूर्व डीएसपी श्री केके गौतम शामिल हो रहे हैं।
साथ ही टीवी की दुनिया का एक प्रसिद्ध नाम दिनेश गौतम कार्यक्रम को मॉडरेट कर रहे हैं। अनुराग ने अपील करते हुए कहा कि सभी मित्रों से अनुरोध है कार्यक्रम में जुड़ेंगे तो हौसला बढ़ेगा, इंतज़ार रहेगा आज शाम 4:00 बजे।


Leave a comment