Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ बनभूलपुरा के बवालियों पर बड़ी कार्रवाई, 200 के खिलाफ केस दर्ज
उत्तराखंड न्यूज़नैनीताल

बनभूलपुरा के बवालियों पर बड़ी कार्रवाई, 200 के खिलाफ केस दर्ज

नैनीताल जिले के हल्द्वानी के बनभूलपुरा में जांच को गए कोरोना योद्धाओं से बदसलूकी और बवाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई के संकेत सूबे के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इलाके में कर्फ्यू का आदेश देते समय ही दे दिए थे। डीजी कानून-व्यवस्था अशोक कुमार के बनभूलपुरा के दौरे के तुरंत बाद बवालियों पर बड़ी कार्रवाई कर दी गई। 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने बुधवार रात केस दर्ज कर लिया। आरोपितों को चिन्हित करने के लिए सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी।

डीजी अशोक कुमार ने बुधवार को ही साफ कर दिया था कि कर्फ्यू को सख्ती के साथ लागू कराया जाएगा। अगर कोई कर्फ्यू तोड़ने की कोशिश करता है तो एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) भी लगाया जाएगा। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

कोरोना संक्रमण के लिहाज से संवेदनशील बनभूलपुरा इलाके को आठ अप्रैल को डीएम के निर्देश पर सील कर दिया गया था। उसके बाद से स्वास्थ्य विभाग की एक टीम संदिग्धों की जांच में जुटी थी। रविवार दोपहर लाइन नंबर आठ स्थित एक मस्जिद में एक टीम मौलाना और अन्य लोगों की जांच करने गई थी, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। जिसके बाद थाने के जवान मस्जिद पहुंचे। इस बीच कुछ अराजक तत्वों ने अफवाह फैलाकर भीड़ जमा कर दी। देखते-देखते सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। लॉकडाउन और सील एरिया होने के बावजूद वहां काफी भीड़ जमा हो गई। बताया जाता है कि कुछ लोगों ने कोरोना जांच के लिए गई टीम पर पत्थरबाजी करने की भी कोशिश की। आनन-फानन में पीएसी और अन्य थाने-चौकियों के फोर्स ने लाइन नंबर आठ आकर मोर्चा संभाला। जिसके बाद पुलिस के अधिकारियों ने लोगों को समझाया और दो घंटे बाद ड्रामा शांत हुआ।

हल्द्वानी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सोमवार दोपहर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बनभूलपुरा में कर्फ्यू लगाने का आदेश दे दिया था। मंगलवार शाम को इलाके में पैरामिलिट्री की दो कंपनी भी तैनात कर दी गई। बुधवार सुबह डीजी लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने इलाके का निरीक्षण करने के बाद अफसरों के साथ एक बैठक की। इसके बाद पुलिस ने 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन और संक्रमण एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...