उत्तराखंड में ब्यूरोक्रेसी में होने जा रहे भारी फेरबदल की अटकलों के बीच उत्तराखंड शासन ने दो आईएएस (IAS) अधिकारियों और वित्त सेवा के एक अधिकारी के दायित्वों में बदलाव किया है।
सचिव प्रभारी भूपाल सिंह मनराल द्वारा जारी स्थानांतरण तैनाती आदेश के मुताबिक, वरिष्ठ आईएएस राधा रतूड़ी को अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री तथा कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। उन्हें यूपीसीएस, यूजेवीएनएल और पिटकुल का अध्यक्ष बनाया गया है।

उधर, आईएएस अरविंद सिंह ह्यांकी को आयुक्त कुमाऊं मंडल, नैनीताल, आरएस टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी नैनीताल के अतिरिक्त प्रभार तथा सचिव मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रभार के दायित्व से हटा लिया गया है। उन्हें सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता तथा स्टॉफ ऑफिसर, मुख्य सचिव बनाया गया है।
वहीं वित्त सेवा के अधिकारी अरुणेंद्र कुमार से अपर सचिव मुख्यमंत्री, अतिरिक्त प्रभार ले लिया गया है।
जिम्मेदारियों में हुए इन ताजा बदलाव के बाद इस बात की अटकलें और तेज हो गई हैं कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ब्यूरोक्रेसी में बड़ा बदलाव करने वाले हैं। चीफ सेक्रेटरी ओम प्रकाश को हटाकर स्पष्ट संदेश दे चुके हैं कि प्रशासनिक व्यवस्था में बड़े फेरबदल होंगे।


Leave a comment