Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ ताकि न हो अकेलापन…. माताश्री मंगला ने पौड़ी के सतपुली में ठाकुर सुंदर सिंह चौहान वृद्धाश्रम का किया लोकार्पण
उत्तराखंड न्यूज़पौड़ी गढ़वाल

ताकि न हो अकेलापन…. माताश्री मंगला ने पौड़ी के सतपुली में ठाकुर सुंदर सिंह चौहान वृद्धाश्रम का किया लोकार्पण

पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड एकेश्वर स्थित मलेठी गांव के लिए सोमवार का दिन बेहद खास रहा। मौका था पहाड़ के असहाय बुजुर्गों के लिए ठाकुर सुंदर सिंह चौहान आश्रम के लोकार्पण का। मलेठी में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस वृद्धाश्रम का लोकार्पण हंस फाउंडेशन की संस्थापक माताश्री मंगला एवं समाजसेवी ठाकुर सुंदर सिंह चौहान ने किया।

माताश्री मंगला जी ने इस सेवा कार्य के लिए ठाकुर सुंदर सिंह चौहान और उनके परिवार को सम्मानित करते हुए कहा कि मैं समाजसेवी और नयारघाटी के गरीब और वंचित समुदाय के लोगों के साथ खड़े होकर सेवा का कार्य कर रहे आदरणीय ठाकुर सुंदर सिंह चौहान जी को इस वृद्धाश्रम को खोलने के लिए बहुत-बहुत बधाई देती हूं।

यह बहुत ही पुण्य और सेवा का सशक्त मार्ग है, जिसे चौहान जी ने निर्मित किया है। बुजुर्ग हमारे आदर्श हैं, जिनकी सेवा के लिए हम सब को आगे आना चाहिए। आज नयारघाटी में हमारे वृद्धजनों के लिए ठाकुर सुंदर चौहान जी ने इतना अच्छा प्रयास किया है। इसके लिए हम और भोले जी महाराज चौहान जी को बधाई देते हैं। साथ ही हम ठाकुर सुंदर चौहान जी को आश्वस्त करते हैं कि इस वृद्ध आश्रम के लिए हंस फाउंडेशन एवं हंस जनरल अस्पताल सतपुली के माध्यम से जो भी सहयोग चाहिए होगा वह हम प्रदान करेंगे।

माता मंगला जी ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का अभिवादन करते हुए कहा कि प्रकृति की खूबसूरत चादर ओढ़े नयारघाटी के इस वृद्धाश्रम में हमारे वृद्धजनों का जीवन सुखमय हो, उनके चेहरे पर कभी भी यह न दिखे कि उनका तिरस्कार किया गया है। वह खुद को कभी असहाय न समझें, अकेले न समझें, उनके चेहरे की खुशी हमारी खुशी हो, उम्मीद है हम सब मिलकर इनके लिए काम करेंगे।

माता मंगला जी ने कहा कि आप सब जानते हैं कि यहां से कुछ ही दूरी पर हंस जनरल अस्पताल स्थित है, जो इस वृद्ध आश्रम के वृद्धजनों के स्वास्थ्य की देखरेख के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। इस पुण्य कार्य के लिए हर समय हमारा सहयोग रहेगा। हमसे जितना भी सहयोग होगा हम वृद्धाश्रम संचालन में सहयोग करेंगे। साथ ही यदि आश्रम में किसी भी वृद्ध को स्वास्थ्य की जरूरत पड़ी तो सबसे पहले हंस जरनल अस्पताल सतपुली में उन्हें उपचार दिया जाएगा। उन्हें अस्पताल तक लाने और फिर वृद्धाश्रम में छोड़ने के लिए हम हरसंभव सहयोग करने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि हम ठाकुर सुंदर सिंह चौहान जी को आश्वत करते हैं कि जिस सेवा के पथ पर आप चल रहे हैं, उसमें आपको हंस फाउंडेशन का सहयोग निरंतर मिलता रहेगा। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया है कि वह अपने माता-पिता की देखभाल करें और जिन बुजुर्ग लोगों की देखरेख करने वाला कोई नहीं है उनके लिए यह आश्रम सारी सुविधाएं मुहैया करेगा। साथ ही कहा कि इस आश्रम में आने वाले वृद्धजनों के लिए सभी सेवाएं कपड़े व अन्य सामग्री सहित स्वास्थ्य सुविधाएं, तीर्थ यात्रा व सेवा का कार्य हंस परिवार द्वारा किया जाएगा।

माता मंगला जी ने लोकार्पण समारोह में उपस्थित लोगों से निवेदन करते हुए कहा कि आज पूरा विश्व कोरोना महामारी की चपेट में है। अभी भी हालात बहुत बेहतर नहीं है। इसलिए आप सब विशेष तौर पर यह ध्यान रखें कि कोरोना से बचने के लिए – दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी- के नियम का पालन करें। हम हंस फाउंडेशन के माध्यम से निरंतर कोरोना काल में सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, बिहार, राजस्थान, आंध्रप्रदेश, असम, दार्जिलिंग, कर्नाटक और दिल्ली जैसे कई राज्यों में लगभग 25 लाख गरीब-जरूरतमंद परिवारों तक राशन, मास्क और जरूरत की दूसरी तमाम चीजें भिजवाई गईं। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा गया। सेवा का ये सिलसिला आज भी जारी है। लॉकडाउन के दौरान जब उत्तराखंड प्रवासी वापस लौटने लगे तो हमने प्रवासियों को रहने और खाने की हर जरूरत का इंतजाम किया। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आइसोलेशन सेंटर बनवाए। मास्क, हैंड ग्लव्स, फेस शील्ड, सैनिटाइजर, स्वच्छता किट एवं पीपीई किट विशेष रूप से प्रदान किए। रुद्रप्रयाग, टिहरी और मसूरी के जिला अस्पतालों को मेडिकल उपकरण सहित एम्बुलेंस, वेंटिलेटर प्रदान किए गए। इसी के साथ हंस फाउंडेशन जनरल अस्पताल सतपुली को कोरोना संकट में किसी भी स्थिति में लड़ने के लिए तैयार रखा गया है।

इस क्षेत्र में पोखड़ा, चौबट्टखाल, जोगीमणी, सतपुली के ग्रामीणों स्कूली बच्चों और बजारों में निरंतर हंस फाउंडेशन के माध्यम से मास्क वितरित किए जा रहे हैं। कोरोना कवच बनकर हंस फाउंडेशन द्वारा प्रदान किए गए यह मास्क आज आपके साथ हैं। यह बहुत खुशी की बात है। इसके लिए हंस परिवार और सभी लोगों का आभार प्रकट करती हूं कि आप सब हमारी सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

हरिद्वार कुंभ में हंस फाउंडेशन करेगा नेत्र कुंभ का आयोजन

इस मौके पर माताश्री मंगला जी कहा कि ‘ईश्वर के प्रवेश द्वार’ हरिद्वार में कुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करने पहुंच रहे हैं। उनकी मनोकामनाएं पूरी हों, वह हर संकट से बच कर कोरोना जैसी महामारी के बीच कुंभ स्नान कर पुण्य कमा कर अपने घरों को लौटें। इसके लिए हम कुंभ स्नान को आने वाले श्रद्धालुओं और कुंभ में ड्यूटी कर रहे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मास्क वितरित कर रहे हैं।

हरिद्वार कुंभ में हम प्रयागराज कुंभ की भांति नेत्र कुंभ का आयोजन कर रहे है जिसमें निःशुल्क आंखों की जांच की जाएगी और निःशुल्क चश्मों का वितरण किया जाएगा। सेवा भी सम्मान भी के हमारे इस पथ पर आइए और इन सेवाओं का लाभ उठाइए।

इस अवसर पर समाजसेवी सुंदर सिंह चौहान ने सभी प्रबुद्धजनों का भावुकता से स्वागत करते हुए कहा कि हमारे लिए यह बहुत सौभाग्य की बात है कि इस आश्रम को हमारे वृद्धजनों को समर्पित करने के लिए पूज्य माता मंगला जी और आप सभी उपस्थित लोगों का आशीष मिला है। श्री चौहान ने कहा कि निश्चित तौर पर यह बहुत कष्टदायी है कि कई बार हमारे समाज में हम उन लोगों को अकेले छोड़ देते हैं जिन्होंने हमें उंगली पकड़ कर चलना सिखाया, हमें जीवन की परिभाषा समझायी। वह भी ऐसे समय में जब इन लोगों को हमारी सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है। लेकिन यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि हम इन लोगों के लिए सेवा के तौर पर यह आश्रम निर्मित कर पाए हैं। इसमें हमें निरंतर हंस फाउंडेशन का सहयोग मिलता रहा है। इसके लिए हम पूज्य श्री भोले जी महाराज एवं पूज्य श्री माता मंगला जी का कोटि-कोटि आभार व्यक्त करते हैं।

समाजसेवी सुंदर सिंह चौहान ने कहा कि इस वृद्धाश्रम में हर जरूरतमंद और असहाय वृद्धों के लिए निःशुल्क सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। साथ ही उनके स्वास्थ्य के उपचार के लिए उन्हें सतपुली में बने हंस फाउंडेशन जनरल अस्पताल समय-समय पर ले जाया जाएगा। इस मौके पर माताश्री मंगला जी ने कई बुजुर्गों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर राकेश खंतवाल द्वारा ठाकुर सुन्दर सिंह चौहान की पुस्तक का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में लोक गायक जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम में त्रिलोक चौहान, जितेन्द्र चौहान, सोनी देवी, नीतिका चौहान, नीलम चौहान, मीना लिंगवाल, शक्ति सिंह, चंद्रशेखर भट्ट, राकेश नेगी, राजनितिन सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गणेश खुगशाल ने किया।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...