मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्तमान युग निश्चित रूप से मीडिया का युग है, मानव जीवन के साथ ही हमारे सामाजिक सरोकारों पर भी मीडिया का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है। सामाजिक जन जागरण में भी मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। लोकतंत्र की सफलता में भी मीडिया की बड़ी भूमिका है। आम जनता का समाज के इस सशक्त माध्यम पर पूरा भरोसा एवं विश्वास है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पत्रकारों के विचार एवं संवाद राज्य के विकास में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राज्य के विकास से जुड़े तमाम मुद्दों पर आने वाले सालों में किस तरह सरकार और जनता के बीच समन्वय बनाकर कार्य किया जाए इसके लिए राज्य सरकार द्वारा बोधिसत्व विचार श्रृंखला की शुरुआत की गई है। जिसके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर चुके अनुभवी लोगों से सुझाव प्राप्त किये जा रहे हैं। इसमें मीडिया से जुड़े लोग भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्रम में अभी तक 4 विचार श्रृंखलाएं आयोजित की जा चुकी है। अपने अपने क्षेत्र के विषय विशेषज्ञों के माध्यम से उत्तराखंड के विकास की गति को तेज करना हमारा उद्देश्य है। इस संबंध में हर विभाग का अगले दस साल का रोड मैप भी तैयार किया जा रहा है ताकि हम भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप राज्य के विकास का खाका खींच सकें। उत्तराखंड को लेकर हमारी नीति और नियत दोनों ही स्पष्ट हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र विकास तथा जनभावनाओं को धरातल पर उतारने, राज्य की इकोलॉजी तथा इकोनॉमी को बढ़ाने के लिये किये जा रहे प्रयासों में भी सभी को सहयोगी बनाने का हमारा प्रयास है। वर्ष 2025 में उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष में हमारा राज्य देश के आदर्श एवं अग्रणी राज्यों में शामिल हों इस संकल्प के साथ हम सभी के सहयोग से कार्य कर रहे हैं।


Leave a comment