नरेंद्र मोदी कैबिनेट में रक्षा राज्यमंत्री बनने के बाद पहली बार देहरादून पहुंचे अजय भट्ट का जोरदार स्वागत किया गया। जन आशीर्वाद यात्रा के तहत रुड़की से देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय तक अजय भट्ट का कई स्थानों पर नारेबाजी, फूलों और आतिशबाजी से स्वागत किया गया। इस दौरान अजय भट्ट ने दोनों हाथ जोड़कर सभी का आभार जताया।

जन आशीर्वाद यात्रा सोमवार दोपहर रुड़की से शुरू हुई। करीब साढ़े तीन बजे अजय भट्ट का काफिला मां डाट काली मंदिर पहुंचा। यहां उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अजय भट्ट का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। मां डाट काली मंदिर से महिलाओं की टीम ने स्कूटी से जन आशीर्वाद यात्रा का नेतृत्व किया।




मोहब्बेवाला आरटीओ चेक पोस्ट पर विधायक विनोद चमोली ने केंद्रीय राज्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद चंद्रमणि चौक पर विधायक सहदेव पुंडीर, शिमला बाईपास तिराहे पर विधायक विनोद चमोली, मंडी चौक एवं मातावाला बाग पर विधायक हरबंस कपूर, सहारनपुर चौक पर प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा जोगेंद्र पुंडीर, सिंह सभा गुरुद्वारा के बलजीत सोनी, प्रिंस चौक पर विधायक विनोद चमोली, शहीद स्मारक पर हरीश डोरा, दर्शन लाल चौक पर क्वालिटी हार्डवेयर के मालिक अनिल गोयल, घंटाघर व क्वालिटी चौक पर विधायक खजान दास, दिलाराम चौक पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सर्वे चौक पर युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, द्वारिका स्टोर पर रविंद्र कटारिया के साथ कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य रक्षामंत्री अजय भट्ट का स्वागत किया। इसके बाद अजय भट्ट बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे।
यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया गया। पहले दिन की जन आशीर्वाद यात्रा पर यहां विराम लगा। इस दौरान महापौर सुनील उनियाल गामा, महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट, महानगर मीडिया प्रभारी एवं जन आशीर्वाद यात्रा के प्रथम दिवस मीडिया अधिकारी राजीव उनियाल समेत अन्य मौजूद रहे।


Leave a comment