आम आदमी पार्टी (AAP) ने उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कर्नल (रिटा.) अजय कोठियाल को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है। आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देहरादून में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता से रायशुमारी करने के बाद ही कर्नल कोठियाल को सीएम पद का चेहरा घोषित किया गया है। इसके अलावा कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर उत्तराखंड को हिंदुओं की आध्यात्मिक राजधानी बनाया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा कि कर्नल कोठियाल ने लंबे समय तक देश की सेवा की है। जब उत्तराखंड के नेता देवभूमि को लूट रहे थे, तब कर्नल कोठियाल सीमा पर देश की सेवा में जुटे थे। उन्होंने केदारनाथ में पुनर्निर्माण में अहम भूमिका निभाई। इसीलिए पार्टी ने उत्तराखंड के नवनिर्माण की जिम्मेदारी कर्नल कोठियाल को देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ दिल्ली देश की प्रशासनिक राजधानी है, वहीं उत्तराखंड देश की आधात्मिक राजधानी होगी। उधर, कर्नल कोठियाल ने सीएम पद का चेहरा बनाए जाने पर कहा कि उनके लिए यह गर्व और सम्मान का दिन है। वह राजनीति से भ्रष्टाचार खत्मकर प्रभावशाली गवर्नेंस के लिए इसमें आए हैं। अगर वह उत्तराखंड का नवनिर्माण करने में असफल हुए तो यह उनकी असफलता होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को छह महीने का वक्त देकर देखें, अगर जनता को लगेगा कि पार्टी सही दिशा में नहीं बढ़ रही है तो वह वोट मांगने नहीं आएंगे।



इस घोषणा के बाद आम आदमी पार्टी ने संकल्प यात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में राज्य भर से आए कार्यकर्ता शामिल हुए। राजपुर रोड पर इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुरू हुआ रोड शो दिलाराम चौक पर संपन्न हुआ।


Leave a comment