Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ पीएम नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये की केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

पीएम नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये की केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाए जाने तथा वासुकीताल क्षेत्र के साथ ही आस-पास के क्षेत्रों को भी नए लोकेशन के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

पीएम मोदी ने इस समीक्षा बैठक में स्थानीय जन भावनाओं के अनुरूप ईशानेश्वर मंदिर के पुनःनिर्माण, आस्था चौक पर ‘ऊं’ की प्रतिमा स्थापित करने, शंकराचार्य समाधि एवं शिव उद्यान के डिजाइन में जन भावनाओं के अनुरूप संशोधन करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारपुरी में फेज-II के 113.92 करोड़ के प्रोजेक्ट का शिलान्यास करने के लिए पीएम मोदी से समय देने का आग्रह किया। इस संबंध में प्रधानमंत्री द्वारा शीघ्र समय निर्धारण के लिए आश्वासन दिया गया।

सीएम धामी ने पीएम मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केदारनाथ मं  2013 में आई आपदा के बाद उनके मार्गदर्शन में केदारपुरी, एक नई सुरक्षित एवं सुविधा युक्त धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी के रूप में निर्मित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को अवगत कराया कि स्थानीय स्थापत्य कला, नवीन तकनीकी के इस्तेमाल, ठोस अपशिष्ट निस्तारण व्यवस्था के साथ केदारनाथ धाम सुनियोजित आधुनिक संसाधनों से युक्त इको फ्रेंडली टाउन के रूप में विकसित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को यह भी अवगत कराया कि बद्रीनाथ को स्मार्ट स्प्रिचुअल हिल टाउन के रूप में विकसित करने के लिए प्रथम चरण के 245 करोड़ की योजना के कार्यों को शुरू करने के लिये 22 राजकीय भवनों को अन्यत्र स्थानांतरित करने का निर्णय राज्य की कैबिनेट द्वारा लिया जा चुका है। इससे कार्यों में अब तेजी आ सकेगी।

मुख्य सचिव डा. एसएस संधु ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से पीएम मोदी को अवगत कराया कि केदारनाथ पुनर्निर्माण के प्रथम चरण के कार्य पूर्ण हो चुके हैं जिसमें टेंपल प्लाजा, एराइवल प्लाजा, मंदाकिनी एवं सरस्वती नदी पर सुरक्षा दीवार निर्माण, 05 घाटों का निर्माण, मंदाकिनी रिवर फ्रंट के कार्य 05 गेस्ट हाउसों का निर्माण, 03 ध्यान गुफाओं का निर्माण पूर्ण हो चुका है। आदि शंकराचार्य की गुफा का निर्माण कार्य गतिमान है जबकि,  द्वितीय चरण में 113.92 करोड़ के 13 कार्यों पर भी कार्यवाही गतिमान है।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर, विशेष सचिव डा. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव युगल किशोर पंत उपस्थित थे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles