हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नेशनल हैंडलूम एक्सपो शुरू हो गया है। परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 27 दिसंबर को नेशनल हैंडलूम एक्सपो का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हैंडलूम एक्सपो पिछले कई साल से राज्यवासियों के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों के हथकरघा उत्पाद खरीदने का जरिया बन रहा है। इस तरह के आयोजन राज्य के शिल्पियों को देश के शिल्पियों के साथ अपने अनुभवों को बांटने का मौका देते हैं।
उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद द्वारा आयोजित यह हैंडलूम एक्सपो 12 जनवरी 2020 तक चलेगा। इस तरह के आयोजनों से न सिर्फ लोगों को अपनी पसंद की चीजें खरीदने को मिल जाती हैं बल्कि देशभर के शिल्पकारों को अच्छे मंच के साथ आमदनी भी होती है। केंद्र सरकार और राज्य सरकारें भी इस तरह के हस्तशिल्पों और लोक कलाओं को प्रोत्साहित कर रही हैं।
पढ़ें, उत्तराखंड सरकार ने ऑस्ट्रेलिया से खरीदी मैरिनो भेड़ें
नेशनल हैंडलूम एक्सपो ऐसा ही मंच है, जिसके माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के कुटीर उद्योगों, सहकारी समितियों, शिल्पकारों, बुनकरों को काफी फायदा होता है। बताया गया है कि इस साल के एक्सपो में 14 राज्यों के 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। उत्तराखंड से ही 60 हथकरघा बुनकरों ने हिस्सा लिया है। ठंड के मौसम में शॉल, रजाई से लेकर कई तरह की सजावट की चीजें भी एक्सपो की शोभा बढ़ा रही हैं। पहले दिन से ही यहां लोगों का आना शुरू हो गया है।
उत्तराखंड में भारी बर्फबारी, केदारपुरी में 6 फीट बर्फ, माइनस में तापमान


Leave a comment