Home उत्तराखंड न्यूज़ एनसीसी विविधता में एकता का एक उत्कृष्ट उदाहरण – रक्षा राज्य मंत्री
उत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बरफ़ौज

एनसीसी विविधता में एकता का एक उत्कृष्ट उदाहरण – रक्षा राज्य मंत्री

रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा है कि एनसीसी “विविधता में एकता“ का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एनसीसी ने अपने गठन के बाद से अनुशासन, चरित्र, साहस की भावना और निःस्वार्थ सेवा के आदर्शों एवं मूल्यों को स्थापित किया है। एनसीसी ने देश के अन्य युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रक्षा राज्य मंत्री 19 जनवरी 2023 को नई दिल्ली के दिल्ली छावनी में गणतंत्र दिवस शिविर 2023 में एनसीसी कैडेट्स को संबोधित कर रहे थे।

अजय भट्ट ने इस तथ्य का उल्लेख किया कि राष्ट्रीय कैडेट कोर देश के युवाओं के लिए “एकता एवं अनुशासन“ का प्रतीक रहा है और भारतीय संविधान में निहित देशभक्ति तथा धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को सशक्त करता रहा है। रक्षा राज्य मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि एनसीसी का फैलाव तय कार्यक्रम के अनुसार हो रहा है। अपनी विस्तार योजनाओं के माध्यम से राष्ट्रीय कैडेट कोर का लक्ष्य तटीय क्षेत्रों, सीमावर्ती इलाकों और वामपंथी उग्रवाद प्रभावित हिस्सों में अपने आयाम को बढ़ाना है, जिसमें इन दूरस्थ स्थानों के युवाओं को रूपांतरित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

रक्षा राज्य मंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि विशेष प्रयासों के माध्यम से ऐसे क्षेत्रों में अधिकतम नई उपयोगिताओं का पता लगाकर ग्रामीण एवं अर्ध शहरी क्षेत्रों में एनसीसी की पहुंच बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से इन क्षेत्रों में युवाओं को ऊर्जावान बनाएगा और उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर प्रदान करेगा।

अजय भट ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव, नशीली दवाओं के गलत इस्तेमाल और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस तथा नशा मुक्ति अभियान जैसी सामुदायिक विकास एवं सामाजिक सेवा योजनाओं में एनसीसी कैडेट्स की भूमिका की सराहना की।

विभिन्न राज्यों में नागरिक प्रशासन को सहायता सहित एनसीसी के आपदा राहत प्रयास और स्वच्छता अभियान तथा पुनीत सागर अभियान में उनकी असाधारण सेवा प्रशंसनीय रही है। 15 अगस्त 2022 को माननीय प्रधानमंत्री के हर घर तिरंगा के आह्वान को पूरा करने में एनसीसी के प्रयासों ने इसे सचमुच देशभक्ति के उत्साह से भरे पूरे एक शानदार उत्सव में बदल दिया। रक्षा राज्य मंत्री ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि टीम वर्क और मूल्यों की शिक्षा का इसमें निहित स्वभाव एनसीसी कैडेट्स को भविष्य में भी हमेशा राष्ट्रीय उद्देश्यों की दिशा में सकारात्मक योगदान देने में सक्षम बनाएगा।

इससे पहले, सेना, नौसेना और वायु सेना के तीनों अंगों के एक दल ने रक्षा राज्य मंत्री के आगमन पर एक शानदार “गार्ड ऑफ ऑनर“ प्रस्तुत किया। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने बैंड की सुंदर प्रस्तुति दी। अजय भट्ट ने विभिन्न सामाजिक जागरूकता विषयों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को दर्शाते हुए एनसीसी कैडेट्स द्वारा तैयार किए गए ’फ्लैग एरिया’ का भी दौरा किया। तत्पश्चात कैडेटों ने उन्हें अपने संबंधित राज्य निदेशालयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

रक्षा राज्य मंत्री ने ’हॉल ऑफ फेम’ का भी दौरा किया, जो एनसीसी की एक गौरवशाली सम्पदा है, जिसमें पूर्व छात्रों की तस्वीरों, मॉडल, प्रेरणादायक वस्तुएं और एनसीसी के तीन विंगों के अन्य दृश्य-श्रव्य के समृद्ध अभिलेखीय संग्रह का प्रदर्शन किया गया है। अंत में अजय भट्ट ने अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ एनसीसी सभागार में कैडेट्स द्वारा आयोजित एक शानदार ’सांस्कृतिक कार्यक्रम’ भी देखा।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

HillMail Magazine – September 2026

HillMail Sep 2026
पत्रिकाओं के सभी अंक देखें

Related Articles

उत्तराखंड में 19 अक्टूबर को महानवमी पर सार्वजनिक अवकाश, मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं

उत्तराखंड में शारदीय नवरात्र की महानवमी के अवसर पर सोमवार, 19 अक्टूबर...

उत्तराखंड में दिव्यांग युवाओं के लिए मुफ्त सिविल सेवा कोचिंग योजना शुरू, UPSC-UKPSC की करेंगे तैयारी

उत्तराखंड सरकार ने दिव्यांग युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं...