इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर प्रदेश में सेवा के अनेक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। आज से 2 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। जिसके तहत स्वच्छता, रक्तदान एवं सेवा भाव के अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान महादान है। इस पुण्य कार्य से हम अनेक लोगों को जीवनदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि ई रक्तकोष पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर स्वैच्छिक रक्तदान कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त एवं समृद्धशाली भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने भी देहरादून में दून अस्पताल जाकर रक्तदान किया। उन्होंने ट्वीट किया कि मेरे खून का एक एक कतरा देश को समर्पित। आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राजकीय दून अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया!
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2022 तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रक्तदान शिविर लगाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि कि प्रदेश में 52 ब्लड बैंक हैं। अधिक से अधिक लोग रक्तदान कर सकें, इसके लिए पोर्टल के माध्यम से रजिस्ट्रेशन की सुविधा की गई है। इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

इसके अलावा राज्य के अन्य शहरों में भी रक्तदान शिविर का आजोजन किया गया। जिसमें देहरादून महानगर, देहरादून ग्रामीण, हरिद्वार तथा रुड़की शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ो की संख्या में लोगों ने रक्तदान किया।


Leave a comment