Monday , 7 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ पिथौरागढ़ बेस अस्पताल का नाम प्रकाश पंत के नाम पर होगा, पिथौरागढ़ पहुंचे सीएम धामी ने किया ऐलान
उत्तराखंड न्यूज़पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ बेस अस्पताल का नाम प्रकाश पंत के नाम पर होगा, पिथौरागढ़ पहुंचे सीएम धामी ने किया ऐलान

पिथौरागढ़ के दौरे पर पंहुचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देव सिंह मैदान में आयोजित शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए बेस चिकित्सालय पिथौरागढ़ का नाम स्वर्गीय प्रकाश पंत के नाम किए जाने, जिला मुख्यालय के पांडेय गांव से निराड़ा तक सड़क का निर्माण किए जाने, शरदोत्सव एवं विकास प्रदर्शनी के लिए प्रत्येक वर्ष 50 लाख रुपये सरकारी अनुदान दिए जाने, छिपला केदार मेला स्थल के लिए 2 लाख रुपये दिए जाने तथा लंदन फोर्ट का नाम सोरगढ़ किले के नाम पर रखे जाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि आने वाला दशक उत्तराखंड का दशक है और इसे उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए हमारी मातृशक्ति को बहुत अहम भूमिका का निर्वहन करना है। पीएम मोदी के विजन 2025 को लेकर हमारी सरकार पूर्ण रूप से प्रतिबद्व है। इस दशक की शुरूआत में विकास की जो रफ्तार हमने पकड़ी है, उसको हम पूर्ण रूप से गतिमान रखेंगे और उत्तराखंड को एक आदर्श मॉडल राज्य के रूप में स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश को बनाने में हमारी मातृशक्ति की कितनी बड़ी भूमिका रही है। यह बात किसी से छिपी नही है। मैं अपने इस प्रदेश की मातृशक्ति को प्रणाम करता हूं।

सीएम धामी ने कहा, हमने आजीविका मिशन से जुडी महिलाओं को मजबूती के लिए 118 करोड़ का कोविड राहत पैकेज जारी कर दिया है, जिससे 7.5 लाख महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि पूरे प्रदेश में और अधिक से अधिक महिलाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाए। महिलाओ को सशक्त बनाने और उनकी सुरक्षा, मानसम्मान करने की प्रधानमंत्री की सोच और महिला सशक्तिकरण की दिशा में हम लगातार काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विधवा, निशक्त, दिव्यांग महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगारी बनाने हेतु सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है। सरकार ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया गया है। तीलू रौतेली और आंगनबाडी पुरस्कार की राशि को बढ़ाकर 51 हजार कर दिया गया है। साथ ही नंदा गौरा योजना के तहत 2015 से 2017 तक के वंचित रह गई 30 हजार बेटियों को योजना का लाभ देने के लिए 49 करोड़ की स्वीकृति सरकार ने दे दी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की महान जनता के आर्शीवाद, सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। पिछले पांच वर्षो में केंद्र सरकार द्वारा लगभग एक लाख करोड़ की विभिन्न परियोजनाएं प्रदेश के लिए स्वीकृत की गई हैं, जिनमें बहुत सी परियोजनाओं पर काम हो गया है और अन्य पर काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में सडक मार्गो का विकास किया जा रहा है, वहीं पहाड़ में रेल का सपना भी साकार होने की कगार पर है। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए चारधाम आलवेदर रोड, भारत माला प्रोजेक्ट, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन की योजनाओ की सौगात दी है। उससे आने वाले समय मे उत्तराखंड का आवागमन सुगम हो जायेगा। इसके अतिरिक्त भौगोलिक एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 155 किमी के टनकपुर-बागेश्वर रेल मार्ग के अंतिम सर्वे को मंजूरी दे दी गई है, इसके लिए 28 करोड़ की धनराशि भी अवमुक्त कर दी है।

धामी ने कहा कि हमारी सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करती है। सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व पं. नारायण दत्त तिवारी के कार्यो को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि पंतनगर सिडकुल का नाम अब नारायण दत्त तिवारी के नाम से होगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मेरे मुख्य सेवक की भूमिका निभाने के बाद हमारी सरकार लगातार ही जनहित के फैसले ले रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार युवाओं को रोजगार देने पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24000 पदों पर भर्ती एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए युवाओं हेतु प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण वितरित किए जा रहे है।

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत गौरवशाली शक्तिशाली आत्मनिर्भर एवं विश्व गुरु के रूप में उभर रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड युवा राज्य को आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य,पर्यटन व्यापार उद्योग जैसे तमाम क्षेत्रों में हिंदुस्तान का नंबर वन राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा हमारी सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचे इस पर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, राज्य का विकास मेरी अकेली यात्रा नहीं अपितु सामूहिक यात्रा है जिसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकत्रियों की मांग को पूरा करते हुए उनके मानदेय के अंतर्गत 1000 रूपये और प्रोत्साहन राशि के रूप में 500 रुपये दिए बढ़ाए हैं।

इस अवसर पर पेयजल मंत्री विशन सिंह चुफाल द्वारा जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी गई, उन्होंने कहा कि गांव में सड़क,पेयजल, स्वास्थ्य आदि के क्षेत्र में विकास कार्य गतिमान है। विधायक पिथौरागढ़ चंद्रा पंत द्वारा विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ अंतर्गत किए जा रहे विकास कार्यों,संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर विधायक गंगोलीहाट मीना गंगोला, धारचूला से पूर्व विधायक प्रत्याशी स्वामी वीरेंद्रानंद गिरी, नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक मनोज सामंत, जिलाध्यक्ष भाजपा विरेन्द्र वल्दिया,आयुक्त कुमाऊं सुशील कुमार,आई जी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे, जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान, पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनुराधा पाल, अपर जिलाधिकारी फिंचा राम चौहान समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles