14 अप्रैल को देश में 21 दिनों का लॉकडाउन समाप्त हो रहा है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार सुबह 10 बजे देश को संबोधित करने जा रहे हैं। लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। क्या 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ेगा? क्या कुछ क्षेत्रों में छूट की घोषणा हो सकती है? क्या ट्रेनें चलने लगेंगी? वैसे तो इन सब सवालों के जवाब प्रधानमंत्री की स्पीच के बाद ही मिलेंगे लेकिन पिछले कुछ दिनों में पीएम की बैठकों में हुई बातों और फैसलों पर गौर करें तो इशारा मिलता है।
पहला संकेत
मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान पीएम ने ‘जान भी जहान भी’ पर जोर दिया था जबकि लॉकडाउन की घोषणा से पहले उन्होंने ‘जान है तो जहान है’ की बात कही थी। उस बैठक में कई राज्यों ने लॉकडाउन बढ़ाने की अपील की। उसके बाद कई राज्यों ने अपने स्तर पर लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान भी कर दिया। इससे साफ है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मौजूदा लॉकडाउन 2 हफ्ते के लिए बढ़ सकता है।
दूसरा इशारा
पीएम का ‘जान भी जहान भी’ कहना यह बताता है कि पिछले एक महीने से अर्थव्यवस्था को कोरोना से हुए नुकसान की भरपाई भी पीएम के अजेंडे में है और ऐसे में लॉकडाउन 2.0 में इस पर भी ध्यान दिया जाएगा। सरकार के ही विभागों से कुछ उद्योगों को सीमित दायरे के साथ शुरू करने की मांग की गई है। दरअसल, कोरोना के खिलाफ जंग जीतने के साथ ही देश को आर्थिक मोर्चे पर भी निपटना है।
यह भी देखें – कोरोना के डर से पहाड़ों की ओर लौटे 52 हजार प्रवासी, क्या आगे भी रुकेंगे?
तीसरा संकेत
पीएम के संबोधन से पहले ही कई मंत्रालय एहतियात के साथ काम करने लगे हैं। प्रधानमंत्री के निर्देश पर सोमवार से केंद्रीय मंत्रियों ने ऑफिस आना शुरू कर दिया। ऐसे में साफ है कि धीरे-धीरे कामकाज शुरू करने की तैयारी है। हालांकि इस दौरान सामाजिक दूरी जैसे उपायों को जारी रखा जाएगा।
कहां सख्ती, कहां छूट
माना जा रहा है कि जिन हॉटस्पॉट या इलाकों में कोरोना के ज्यादा मामले मिले हैं, वहां सख्ती बरती जाएगी और जिन इलाकों या जिलों में कोरोना के मामले नहीं मिले हैं वहां सावधानी के साथ नियमों में ढील दी जा सकती है।
कोविड-19 के खिलाफ इस लड़ाई में पीएम का संबोधन आप भी सुनना चाहते हैं तो नीचे लिंक दिया गया है। आपको सोमवार सुबह 10 बजे लिंक पर क्लिक करना है।


Leave a comment